सड़कों पर उतरी नारी शक्ति! पुलिस अधीक्षक ने दिखाई हरी झण्डी और गूंजा सुरक्षा का संकल्प
मिशन शक्ति फेज-05 के द्वितीय चरण के तहत 30 दिनों तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान।

कानपुर देहात की सड़कों पर आज महिला सशक्तिकरण का अनूठा नजारा देखने को मिला जब “मिशन शक्ति फेज-05” के द्वितीय चरण के अंतर्गत एक भव्य महिला बाइक रैली का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने रिजर्व पुलिस लाइन्स से महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की इस रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के प्रति संवेदनशीलता सुरक्षा स्वावलंबन और उनके सम्मान को सुरक्षित करना है जो कानपुर देहात पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 19 मार्च 2026 से शुरू हुए 30 दिवसीय विशेष अभियान के क्रम में आयोजित इस रैली का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी सिकन्दरा व पुलिस लाइन सुश्री प्रिया सिंह ने किया। महिला पुलिस कर्मियों का यह जत्था पुलिस लाइन्स से शुरू होकर अकबरपुर पुल तक गया और वहां से पुनः वापस लौटकर संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना ही इस मिशन का असली लक्ष्य है।
मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद की पुलिस टीम द्वारा गांव कस्बा मोहल्ला और शिक्षण संस्थानों में जाकर चौपाल लगाई जा रही है। छात्राओं और महिलाओं को वूमेन पावर लाइन-1090 यूपी-112 और अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है ताकि वे किसी भी विषम परिस्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर पुलिस विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे जिन्होंने इस मुहिम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़े- आ गई खुशखबरी! यूपी टीईटी का नोटिफिकेशन जारी, कार्यरत शिक्षक और बेरोजगार युवा करें तैयारी



