उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

मोरपंख के लालच में नदी में डूबा अविवाहित युवक, परिवार में मचा कोहराम

रिंद नदी के किनारे बकरियां चराने गए सिंगवानार गांव के 26 वर्षीय अविवाहित युवक आशीष उर्फ लालजीत राजपूत की मोरपंख बीनने के दौरान नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम की है

रसूलाबाद (कानपुर देहात)। रिंद नदी के किनारे बकरियां चराने गए सिंगवानार गांव के 26 वर्षीय अविवाहित युवक आशीष उर्फ लालजीत राजपूत की मोरपंख बीनने के दौरान नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम की है, जिसका शव करीब तीन घंटे की तलाश के बाद घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर सूरजकुंड के पास उतराता मिला। युवक की असामयिक मौत से उसके परिवार में मातम पसर गया है।

सिंगवानार निवासी रामविलास का पुत्र आशीष उर्फ लालजीत राजपूत शुक्रवार शाम करीब 4 बजे रिंद नदी के किनारे बकरियां चराने गया था। वहां वह मोर के पंख बीनने लगा। इसी दौरान उसकी नज़र नदी किनारे गिरे बबूल के पेड़ में फंसे कुछ मोरपंखों पर पड़ी। पंखों के लालच में वह पेड़ पर चढ़ गया और उन्हें पकड़ने के प्रयास में सरक कर नदी में गिर गया और डूब गया।

आशीष के साथियों ने तत्काल उसके पिता रामविलास को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीण गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू करवाई।

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम लगभग 7 बजे युवक का शव घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर सूरजकुंड के पास उतराता हुआ मिला। बेटे का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां सुनीता, पिता रामबिलास, भाई आदित्य व अजय, एवं बहन प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह ने बताया कि पिता की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Related Articles

AD
Back to top button