सावधान! आपकी सेहत से खिलवाड़: कानपुर में पकड़ा गया कैंसरकारी डाई से रंगा 1240 बोरा भुना चना
एफएसडीए की बड़ी स्ट्राइक: बिनगवां में बाबा बैजनाथ ट्रेडर्स पर छापा, 33 लाख का माल सीज़

कानपुर: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने कानपुर नगर में मिलावटखोरों के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, सहायक आयुक्त (खाद्य) संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में बिनगवां स्थित ‘बाबा बैजनाथ ट्रेडर्स’ पर छापा मारा गया। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में कैंसरकारी ओरामाइन डाई से रंगा हुआ भुना चना बरामद किया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में टीम को मौके पर 1240 बोरी भुना चना मिला, जिसका कुल वजन 372 क्विंटल और अनुमानित बाज़ार मूल्य लगभग 33,48,000 रुपये है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि चने को आकर्षक और पीला दिखाने के लिए प्रतिबंधित ओरामाइन डाई का इस्तेमाल किया गया था, जो मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है।
खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए एफएसडीए की टीम ने चने के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए हैं और पूरे स्टॉक को विधिक प्रक्रिया के तहत ज़ब्त कर लिया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित में मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।



