सिकंदरा में चौकीदारों संग महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
सिकंदरा क्षेत्र में चोरी और अन्य घटनाओं पर अंकुश लगाए जाने हेतु थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम ने बुधवार को चौकीदारों संग एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।इस दौरान उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली की बारीकियों से अवगत कराते हुए कानून व्यवस्था की मजबूती में उनके दायित्वों और योगदान पर विशेष बल दिया गया।थाना प्रभारी ने बताया कि ग्राम स्तर पर उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है

पुखरायां।सिकंदरा क्षेत्र में चोरी और अन्य घटनाओं पर अंकुश लगाए जाने हेतु थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम ने बुधवार को चौकीदारों संग एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।इस दौरान उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली की बारीकियों से अवगत कराते हुए कानून व्यवस्था की मजबूती में उनके दायित्वों और योगदान पर विशेष बल दिया गया।थाना प्रभारी ने बताया कि ग्राम स्तर पर उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।चौकीदार स्थानीय निवासियों के बीच रहकर क्षेत्र की गतिविधियों की सही जानकारी रखते हैं ऐसे में वे अपराध की रोकथाम और आपराधिक घटनाओं के अनावरण में पुलिस की आंख और कान की भूमिका निभाते हैं।सभी चौकीदारों को निर्देशित किया गया कि वे गांवों में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों,आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की आवाजाही तथा अवैध शराब,जुआं,सट्टेबाजी या अन्य किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी समय समय पर थाने में उपलब्ध कराएं।उन्हें यह भी निर्देश दिए गए कि गांवों में होने वाले आपसी विवाद,जमीनी रंजिश अथवा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना तत्काल थाने पर दें ताकि समय रहते उचित कार्यवाही की जा सके।थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि चौकीदार गांव गांव जाकर लोगों को पुलिस हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112,1090,1930 आदि के बारे में जागरूक करें।ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकें।इस महत्वपूर्ण बैठक में सिकंदरा थाना क्षेत्र के सभी चौकीदारों ने भाग लिया।उन्होंने थाना प्रभारी को आश्वासन दिया कि वे दिशा निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे।



