सिकंदरा में ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार महिला गंभीर

सिकंदरा।कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव के कंचन ढाबा के पास शनिवार सुबह ट्रक का पहिया चढ़ जाने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।घायल महिला को उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।घटना सुबह करीब 10.20 बजे हुई।जानकारी के मुताबिक आलमपुर की सीमा में कंचन ढाबा के पास एक ट्रक चालक बगैर इंडीकेटर दिए धुलाई केंद्र की तरफ मुड़ रहा था।इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक सवार महिला का संतुलन बिगड़ जाने से वह बाइक से नीचे गिर गई और ट्रक का टायर महिला के के ऊपर से गुजर गया।हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।जहां से उसे गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।घायल महिला की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के भाल गांव निवासी मुलायम सिंह की 55 वर्षीय पत्नी बिमला देवी के रूप में हुई है।थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।मामले की जांच की जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



