सिकंदरा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने बारातियों की खड़ी मैजिक में मारी टक्कर, भोगनीपुर के युवक की मौत, एक गंभीर, चार मामूली घायल
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात। जनपद के सिकंदरा थाना क्षेत्र के कानपुर इटावा नेशनल हाइवे पर शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में मैजिक सवार एक 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई।वहीं एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे में चार लोगों को मामूली चोटें आईं हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।हादसा सिकंदरा थाना क्षेत्र के सूर्या ओवरब्रिज के पास हुआ।पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के पुखरायां कस्बा अहरौली शेख निवासी रईश के पुत्र शाहबाज की बारात मैजिक वाहन से इटावा जा रही थी।
रास्ते में बारातियों ने चाय नाश्ते के लिए सूर्या ढाबा के पास वाहनों को खड़ा कर दिया।इसी दौरान शाम करीब 9 बजे पीछे से आ रहे एक ट्रक ने खड़े वाहनों में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।वहीं चार को मामूली चोटें आईं।
मृतक की पहचान भोगनीपुर निवासी 45 वर्षीय ताकिर उर्फ भूरा के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
जहां पर एक व्यक्ति की हालत गंभीर देख उसे प्राथमिक उपचार के पश्चात हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।जबकि चार अन्य घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।
थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है।मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइवे से हटा दिया गया है।परिजनों की तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



