यूपी में अब डेरा डालेंगी कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा, विधानसभा चुनाव के अभियान को देंगी धार
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से बुधवार देर रात लौटने के बाद गुरुवार सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी तो दिल्ली लौट गए लेकिन पार्टी की महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा लखनऊ में ही डटी रहीं। लखीमपुर खीरी की घटना में जान गंवाने वाले किसान के परिवार से मिलने के लिए गुरुवार दोपहर वह बहराइच चली गईं।
प्रतिज्ञा यात्रा में भी जगह-जगह पर उनकी भागीदारी रहेगी। कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने के लिए वह प्रदेश के सभी मंडलों में जनसभाएं भी करेंगी। उनकी जनसभाओं का सिलसिला 10 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से शुरू होगा। ऐसी योजना पर भी मंथन हो रहा है कि चारों यात्राओं का समापन राजधानी लखनऊ में बड़ी रैली के रूप में किया जाए। इन सबके मद्देनजर उप्र में प्रियंका की व्यस्तता रहेगी।
प्रियंका ने किया देवी का दर्शन-पूजन : कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने शारदीय नवरात्र के पहले दिन गुरुवार को राजधानी के अर्जुनगंज क्षेत्र स्थित मरी माता मंदिर में देवी का दर्शन-पूजन किया। प्रियंका दोपहर में बहराइच जाने से पहले दोपहर लगभग सवा दो बजे सुलतानपुर रोड पर मरी माता मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने देवी की आराधना की और मनोकामना की पूर्ति के लिए मंदिर में चुनरी भी बांधी। दर्शन-पूजन और चुनरी बांधने के बाद प्रियंका ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे के लिए मन्नत मांगी है। उन्होंने नवरात्र में व्रत भी किया है। उनके साथ महाराष्ट्र सरकार की मंत्री और उप्र के लिए कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की सदस्य वर्षा गायकवाड़, पार्टी के कम्युनिकेशन विभाग के प्रदेश चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, ओंकारनाथ सिंह, कृष्णकांत पांडेय आदि मौजूद थे। तकरीबन 15 मिनट मंदिर में रहने के बाद वह बहराइच रवाना हो गईं।