पुखरायां में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत,एक गंभीर
भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के झांसी कानपुर हाइवे पर पुखरायां कस्बे के निकट बीती गुरुवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई।वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।जिसे प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर किया गया है

पुखरायां।भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के झांसी कानपुर हाइवे पर पुखरायां कस्बे के निकट बीती गुरुवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई।वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।जिसे प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर किया गया है।देवराहट थाना क्षेत्र के पनियामऊ निवासी अनुपम सचान 35 वर्ष अपने गांव के ही हेमंत सचान के साथ गुरुवार को बाइक से पुखरायां आए थे।रात लगभग नौ बजे वापस लौटते समय पुखरायां बाईपास पर अहरौली शेख के सामने झांसी कानपुर हाइवे पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरायां लाया गया।जहां मौजूद चिकित्सक ने अनुपम को मृत घोषित कर दिया।घायल हेमंत को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।मृतक के चचेरे भाई नीरज सचान ने बताया कि अनुपम अहमदाबाद में कपड़े की फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम करता था।तीन दिन पहले ही वह अपने गांव आया था।उसके माता पिता का निधन हो चुका है और उसकी एक शादीशुदा बहन आरती है।मृतक अनुपम अविवाहित था।हादसे से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।एस एस आई सुमन दीक्षित ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।अज्ञात वाहन व फरार चालक की तलाश कराई जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



