कानपुर देहात: डेरापुर थाना क्षेत्र के प्रधानी चुनाव के वर्चस्व को लेकर खालागांव में भिड़े दो गुट
सरेराह मारपीट से गांव में दहशत, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा।

कानपुर देहात। डेरापुर थाना क्षेत्र के खालागांव में सोमवार की शाम चुनावी सरगर्मी खूनी संघर्ष में बदल गई। प्रधानी चुनाव को लेकर चल रही पुरानी रंजिश के कारण दो पक्ष आमने-सामने आ गए। शाम करीब 5 बजे शुरू हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सरेराह हुई इस हाथापाई से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-बदल भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही डेरापुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मौके से भीड़ को खदेड़ा और दोनों पक्षों के मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव को लेकर गांव में पिछले कई दिनों से तनाव का माहौल बना हुआ था, जो सोमवार को हिंसक झड़प के रूप में फूट पड़ा।
चौकी प्रभारी मलोकचंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मेंद्र प्रताप सिंह, प्रशांत कुमार, पंकज कुमार और गौरव कुमार के विरुद्ध शांति भंग की धाराओं में चालान किया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि चुनावी माहौल में खलल डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।



