कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर: घाटमपुर मे शार्ट सर्किट से लगी आग से मकान और छह दुकानें राख- एक वृद्ध की मौत, पांच लोग झुलसे

करोड़ों रुपए का नुकसान, सात घंटे बाद काबू पाया

अवध दीक्षित, घाटमपुर (कानपुर)। आज शनिवार सुबह कसबे के मोहल्ला आशा नगर के दीना मार्केट रोड पर स्थित कपड़े की दुकान में बिजली के तारों में हुई शार्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान एवं वहां बनी पांच अन्य दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों और धुंए के गुबार में फंसकर एक वृद्ध की मौत हो गई। जबकि, परिवार के पांच सदस्य झुलस गए। सीएचसी से एक घायल को कानपुर रेफर किया गया है।

कसबे के पुराना डाकघर दीना मार्केट रोड निवासी रामकृष्ण ओमर (65) अपने भाइयों सत्यनारायण और रज्जन लाल ओमर के साथ संयुक्त परिवार में एक ही मकान में रहते थे। मकान के प्रथम खंड में तीनों भाईयों की छह दुकानें हैं। जिनमें वह कपड़ा, परचून और नमकीन का थोक और फुटकर का व्यापार किए थे। ओमर बंधु नमकीन और कई अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री की एजेंसियां भी लिए थे।

आज शनिवार सुबह करीब 4 बजे के आसपास उनकी कपड़े की दूकान में बिजली तारों में हुई शार्ट सर्किट से आग लग गई। जिसे वहां झाड़ू लगाने आए पालिका के सफाई कर्मी ने देखा। मकान में स्थित कपड़े की दुकान के अंदर से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठती देख उसने शोर मचाया।

शोर सुनकर मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहे रामकृष्ण ओमर ने भागकर अपने परिजनों को जगाया और उनको मकान की छत के सहारे बाहर जाने को कहा। लेकिन, तबतक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। आग नीचे बनी छहो दुकानों को चपेट में लेती हुईं मकान की दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। इसी दौरान आग की चपेट में आ जाने से हरिओम पुत्र रामकृष्ण ओमर 45 वर्ष, श्रेया पत्नी हरिओम 42 वर्ष, आयुषी पुत्री सत्य नारायण 20 वर्ष और आकांक्षा पुत्री रज्जन लाल 28 वर्ष झुलस गए।

दूसरी ओर परिजनो को सुरक्षित बाहर निकालने के चक्कर में खुद रामकृष्ण ओमर आग की लपटों और धुंए के गुबार के बीच फंस गए। और उनकी वहीं, अग्नि समाधि बन गई। मकान में खड़ी तीन बाइको में भी आग लग गई जो पूरी तरह जलकर राख हो गई।
आग लगने की सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। इस दौरान नेयवेली पावर प्लांट से भी दमकल की गाड़ी और सीआईएसएफ की भी टीम पहुंची। पुलिस और दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद करीब सात घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान ही गृहस्वामी रामकृष्ण ओमर का शव बुरी तरह जला हुआ बरामद हुआ।

करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका
घाटमपुर। तहसील प्रशासन ओमर बंधुओं के यहां आग से हुए नुकसान का आंकलन कर रहा है। अनुमान है कि करोड़ों रुपए की क्षति हुई है। आसपास के निवासियों ने बताया कि ओमर बंधुओं का व्यापार में रोजाना लाखों रुपए का टर्न ओवर होता था। अनुमान के मुताबिक आठ से दस करोड़ रुपए के आसपास नुकसान हुआ है।

सूचना पर सक्रिय हुआ प्रशासन
घाटमपुर। कसबे के दीना मार्केट रोड पर अग्निकांड की सूचना पर जहां दमकल और एंबुलेंस पंद्रह मिनट के अन्दर पहुंची। वहीं, सबसे पहले घाटमपुर तहसीलदार अंकिता पाठक और इसके बाद क्रमशः एसीपी नौबस्ता रंजीत कुमार, एडीसीपी (दक्षिण) योगेश कुमार और एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। दोपहर बाद क्षेत्रीय विधायक सरोज कुरील भी पहुंचीं। उन्होंने मौके पर मौजूद मिले पीड़ित परिवार के लोगों को ढाढस बंधाया।
सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी घाटमपुर भेजा गया। जिसमें हरिओम को उर्सला अस्पताल कानपुर रेफर किया गया। वहीं, पुलिस ने रामकृष्ण के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु कानपुर भेजा।

मौके तक नहीं जा पाए फायर टैंकर
घाटमपुर। कसबे के दीना मार्केट रोड पर जहां भीषण अग्निकांड हुआ। वहां तक दमकल के फायर टैंकर नहीं पहुंच पाए।
दमकल कर्मियों ने बताया कि गली सकरी होने के चलते वहां टैंकर पहुंच पाना संभव नहीं था। जिसके चलते तीनों टैंकरों को कानपुर सागर राजमार्ग के किनारे खड़ा करके वहां से पाइप डालकर घटना स्थल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई। जबकि छोटे दमकल पंपों के जरिए मकान और दुकानों में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

अन्य मकान और दुकानें चपेट में आने से बचीं
घाटमपुर। इसे संयोग ही कहा जाएगा कि इतने भीषण अग्निकांड के बावजूद भी आसपास के अन्य मकानो में कोई नुकसान नहीं हुआ। जबकि, सभी मकान और दुकानें एक दूसरे से सटे हुए बने हैं।वहीं, मकान के अंदर तीनों परिवारों के 5-6 रसोई गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे जो फटे नहीं। पुलिस और दमकल कर्मियों ने बताया कि अगर रसोई गैस सिलेंडर फटते तो बहुत बड़े पैमाने पर जान माल का नुकसान होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।


ये भी पढे-  कानपुर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का शंखनाद जिलाधिकारी ने खुद परखा सुरक्षा चक्र


 

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button