औरैया: तालाब में डूबकर मासूम बालक की दु:खद मौत मचा कोहराम
शहर के मोहल्ला नरायनपुर में एक हृदय विदारक घटना सामने आई जहां खेलते-खेलते एक मासूम बालक की तालाब में गिरने से मौत हो गई।

औरैया। शहर के मोहल्ला नरायनपुर में एक हृदय विदारक घटना सामने आई जहां खेलते-खेलते एक मासूम बालक की तालाब में गिरने से मौत हो गई। मृतक बालक की पहचान आर्यन पुत्र नरेंद्र प्रताप के रूप में हुई है। आर्यन की उम्र करीब ढाई वर्ष बताई जा रही है।
घटना के बाद शोक का माहौल व्याप्त हो गया। इसके साथ ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। घटना के संबंध में समाजसेवी लाल जी शुक्ला ने विस्तृत जानकारी दी है। . रविवार 28 दिसंबर को अपराह्न लगभग पौने 3 बजे आर्यन अपने घर के बाहर खेल रहा था।
घर के ठीक सामने एक तालाब स्थित है। खेलते समय मासूम का ध्यान भटक गया और वह अचानक तालाब में गिर गया। घटना के समय घर के लोग रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे और किसी का ध्यान इस ओर नहीं गया। कुछ देर बाद जब परिजनों को आर्यन दिखाई नहीं दिया तो उसकी तलाश शुरू की गई। घर और आसपास काफी खोजबीन की गई लेकिन बालक का कोई पता नहीं चला।
इसी दौरान किसी की नजर तालाब पर पड़ी जहां आर्यन का शव पानी में उतराता हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में बालक को तालाब से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही आस पास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को भी सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। बताया गया है कि नरेंद्र सिंह के दो बच्चे हैं जिनमें बड़ी एक बेटी है और छोटा बेटा आर्यन था। मासूम बेटे की मौत से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजनों को ढांढस बंधाना भी मुश्किल हो रहा है। इस आशय की विस्तृत जानकारी वरिष्ठ समाजसेवी लालजी शुक्ला ने दी है।



