बारात से लौट रही तेज रप्तार ईको कार अनियंत्रित होकर पलटी,तीन बाराती घायल
एक की हालत गंभीर, घायलों को भेजा गया अस्पताल

कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र में रामगंगा नहर पटरी मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया।शनिवार देर रात हरिकिशनपुर गांव के पास बारात से लौट रही एक तेज रप्तार ईको कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में तीन बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए शिवली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।जहां पर एक की हालत गंभीर देख उसे प्राथमिक उपचार के पश्चात कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।रसूलाबाद थाना क्षेत्र के कुर्सी भीतरगांव निवासी आमिर ने बताया कि उनके भांजे सलमान की बारात नरवल गई थी।
विदाई के बाद बारात वापस घर लौट रही थी तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।घायलों में गाड़ी मालिक प्रवीण शुक्ला निवासी कुर्सी, पतारा घाटमपुर निवासी साबिर और कुर्सी भीतरगांव निवासी अनीस शामिल हैं।प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना नहीं मिली है।तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।



