इटावा

Panchayat Chunav Etawah: सैफई में पचास साल बाद बदलेगा प्रधान, मुलायम के खास फिर चुनाव मैदान में

Panchayat Chunav Etawah सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के गढ़ सैफई में वर्ष 1971 में प्रधान बने दर्शन सिंह यादव बीते पचास साल तक लगातार प्रधान रहे। उनकी मृत्यु के बाद अब फिर पंचायत चुनाव में मुलायम परिवार के खास रामफल बाल्मीकि ने नामांकन किया है।

इटावा, अमन यात्रा। इंदिरा गांधी से मोदी युग तक लगातार पचास साल तक प्रधान रहे दर्शन सिंह यादव के बाद अब एक बार फिर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के खास रामफल बाल्मीकि चुनाव मैदान में उतर गए हैं। रामफल ने सैफई ग्राम पधान पद के लिए बुधवार को विकास खंड कार्यालय में पर्चा दाखिल किया। ग्राम पंचायत कल्यानपुरा हिना से नीतू ने प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया है।

सपा का गढ़ है सैफई प्रधान सीट

समाजवादी पार्टी का गढ़ सैफई ग्राम प्रधान पद पर पचास साल तक मुलायम के खास सखा दर्शन सिंह यादव काबिज रहे। मुलायम सिंह ने उनसे यह वादा भी किया था जबतक दर्शन सिंह तबतक सैफई में कोई दूसरा नहीं होगा। दर्शन सिंह यादव 1971 से पहली बार प्रधान बनकर लगातार पचास साल तक इंदिरा से मोदी युग तक सफर तय किया। अक्टूबर 2020 में उनके देहांत के बाद खाली हुई सीट इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में एससी के लिए आरक्षित हो गई। इसपर फिर मुलायम के किसी खास के चुनाव लड़ने की संभावनाएं प्रबल हो गई थीं।

मुलायम के खास रामफल ने कराया नामांकन

इटावा जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई और बुधवार से सभी आठ विकास खंड कार्यालयों में नामांकन शुरू हो गए हैं। प्रात: आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच दावेदार समर्थक के साथ पहुंचने लगे। सैफई ब्लॉक परिसर में ग्राम प्रधान पद के लिए रामफल बाल्मीकि ने पर्चा दाखिल किया है। रामफल भी मुलायम परिवार के खास माने जाते हैं और उनके निर्विरोध चुने जाने की भी संभावनाएं हैं। वहीं ग्राम पंचायत कल्यानपुरा हिना से प्रधान पद के लिए नीतू ने भी पर्चा दाखिल किया। जिलाधिकारी श्रुति सिंह, एसएसपी डा. ब्रजेश कुमार सिंह, सीडीओ प्रेरणा सहित सहित अधिकारी ब्लॉक परिसर की सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं।

Related Articles

AD
Back to top button