शिक्षामित्र की बेटी ने कमरे में टिनशेड से लटक कर दी जान, परिजनों में मचा कोहराम
कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के परनामिनपुरवा के मजरा ढिकिया प्रतापपुर में रविवार को एक 17 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

- 17 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर देहात: कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के परनामिनपुरवा के मजरा ढिकिया प्रतापपुर में रविवार को एक 17 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान स्थानीय परिषदीय स्कूल में शिक्षामित्र के रूप में कार्यरत रामप्रसाद की बेटी सौम्या के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सौम्या ने अपने कमरे में टिनशेड से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल फोरेंसिक टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। तत्पश्चात पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।



