कानपुर देहात में फर्जी गोदरेज एग्रो फर्टिलाइजर कंपनी की फ्रेंचाइजी खोलने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़
कानपुर देहात में गजनेर थाना पुलिस ने गोदरेज एग्रो फर्टिलाइजर के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने में सफलता हासिल की है।

- चार आरोपी गिरफ्तार
- आरोपियों के कब्जे से 10 लाख चार हजार रुपए नगदी समेत दो मोटरसाइकिलें,फर्जी आईडी कार्ड व 12 मोबाइल बरामद
कानपुर देहात में गजनेर थाना पुलिस ने गोदरेज एग्रो फर्टिलाइजर के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस ने उन्नाव जिले के चार आरोपियों सुनील यादव,संदीप प्रताप सिंह,विवेक सिंह और दिलीप प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है साथ ही पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 लाख चार हजार रुपए नगदी समेत फर्जी आईडी कार्ड,12 मोबाइल फोन और दो बाइकें बरामद की हैं।
आरोपी खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर गांव गांव जाते थे।वे सड़क किनारे जमीन रखने वाले ग्रामीणों व खासतौर पर अध्यापकों और कर्मचारियों को फ्रेंचाइजी का लालच देते थे।आरोपी किराए के नाम पर एक हजार रुपए का चेक लेते थे।तत्पश्चात चेक में लाखों की रकम भरकर बैंक से पैसा निकाल लेते थे।पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने कई गांवों में ठगी की है।
लुहारी में 1.91 लाख, नहोली में 2.91 लाख,भरतपुर प्यासी में 1.91 लाख,नसीरपुर में 1.81 लाख और न्यूरिया में 1.91 लाख रूपये की धोखाधड़ी की गई।इनकी गतिविधियां इटावा,रायबरेली,फैजाबाद, देवरिया और बाराबंकी में भी पाईं गईं हैं।पुलिस अधीक्षक अरविंद मिश्रा ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी जांच की जा रही है।साथ ही अन्य जिलों से भी इनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।



