तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड कर जिले का मान बढ़ाएं : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कानपुर देहात के निवासियों से "हर घर तिरंगा अभियान" में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है।

- हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर लें हिस्सा, जिलाधिकारी ने की अपील
कानपुर देहात: जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कानपुर देहात के निवासियों से “हर घर तिरंगा अभियान” में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश के प्रति प्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं और तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से कानपुर देहात का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन होगा।
उन्होंने बताया कि हमारा तिरंगा केवल स्वतंत्रता संग्राम की कहानी ही नहीं कहता, बल्कि यह हमारे देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का भी प्रतीक है। जिलाधिकारी ने सभी से इस अभियान को सफल बनाने के लिए उत्साह के साथ भाग लेने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आग्रह किया है। उनका मानना है कि जनभागीदारी से ही यह अभियान एक जनांदोलन बन पाएगा और स्वतंत्रता दिवस को और भी खास बनाएगा।



