यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर का अपर जिलाधिकारी द्वारा किया गया निरीक्षण
चंबल नदी कैचमेंट एरिया में हो रही वर्षा के कारण यमुना नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि के दृष्टिगत आज अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य द्वारा चपरघाटा में यमुना नदी के जलस्तर का निरीक्षण किया गया।

कानपुर देहात: चंबल नदी कैचमेंट एरिया में हो रही वर्षा के कारण यमुना नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि के दृष्टिगत आज अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य द्वारा चपरघाटा में यमुना नदी के जलस्तर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उप जिला मजिस्ट्रेट भोगनीपुर तथा तहसीलदार भी उनके साथ उपस्थित रहे।
अपर जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित ग्रामीण जनों से संवाद स्थापित कर उन्हें यमुना नदी के संभावित जलस्तर की जानकारी दी तथा लोगों को आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
उन्होंने तहसील प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी बाढ़ चौकियां पूर्णतः सक्रिय रखी जाएं, कंट्रोल रूम को सतत संचालन में रखा जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं एवं तैयारियों को तत्काल प्रभाव से पूर्ण कर लिया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय से राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है।



