कानपुर देहात: जन आरोग्य मेले में 2,155 मरीजों का इलाज, आयुष्मान आईडी कार्ड भी बने
जनपद के 90 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और 29 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में यह शिविर लगाए गए।

कानपुर देहात: कानपुर देहात में आज आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में कुल 2,155 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और दवा वितरण किया गया। जनपद के 90 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और 29 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में यह शिविर लगाए गए, जहाँ 66 डॉक्टर और 128 पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।
स्वास्थ्य जाँच और आयुष्मान कार्ड का वितरण
मेले में आए कुल 2,155 मरीजों में 920 पुरुष, 792 महिलाएं और 443 बच्चे शामिल थे। इस दौरान 43,000 लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ आईडी कार्ड बनाए गए। साथ ही, 157 लोगों को टीबी की जाँच कराने की सलाह दी गई, जिनमें से 10 को जाँच किट भी दी गई।
विभिन्न बीमारियों की जाँच
शिविर में विभिन्न रोगों के लिए भी जाँच की गई:
- 210 मरीजों की मलेरिया और 11 की डेंगू जाँच की गई।
- 165 लोगों की गैर-संक्रामक रोगों (NCD) के लिए स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 191 लोग उच्च रक्तचाप और 294 लोग शुगर से ग्रस्त पाए गए।
- 79 मरीजों को गंभीर एनीमिया और 108 को सामान्य एनीमिया पाया गया।
- 42 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया।
- 50 गर्भवती महिलाओं की जाँच की गई, जिनमें से 3 की गंभीर स्थिति के कारण उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया गया।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
मेले में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. ए.के. सिंह ने पीएचसी रनियानी और सरबनखेड़ा का निरीक्षण किया। वहीं, उप मुख्य चिकित्साधिकारी (डिप्टी सीएमओ) डॉ. के.के. सिंह ने पीएचसी मूसा नगर, जरसेन और मलासा का निरीक्षण किया।



