कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

स्कूल में अश्लील डांस का मामला, खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस

घटना पर कोई कार्रवाई न करने और उच्चाधिकारियों को सूचित न करने के कारण, खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ईश्वरकांत मिश्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कानपुर देहात: जिले के अमरौधा ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में ‘बार बालाओं’ के अश्लील डांस का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। घटना पर कोई कार्रवाई न करने और उच्चाधिकारियों को सूचित न करने के कारण, खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ईश्वरकांत मिश्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

यह मामला तब सामने आया जब आलोक त्रिपाठी नामक एक सोशल मीडिया यूजर ने ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में आरोप लगाया गया कि प्राथमिक विद्यालय क्योटरा बॉगर में बार बालाएं अश्लील गानों पर डांस कर रही हैं। इसमें गांव के प्रधान पति और कोटेदार पति समेत कई अन्य लोग भी शामिल थे।

वीडियो वायरल होने के बाद, मूसानगर पुलिस स्टेशन में दिनांक 21 सितंबर 2025 को एक एफआईआर (संख्या-0071) दर्ज की गई। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 20 सितंबर की रात गजराज सिंह नामक व्यक्ति ने अपने नाती के छठी कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय परिसर में इस डांस पार्टी का आयोजन किया था।

नोटिस में कहा गया है कि यह गंभीर घटना खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यक्षेत्र में हुई, फिर भी उन्होंने न तो कोई कार्रवाई की और न ही इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इस लापरवाही को उनकी शिथिल कार्यशैली और पर्यवेक्षणीय दायित्वों के प्रति सजगता की कमी का प्रमाण माना गया है।

अधिकारियों ने बीईओ को चेतावनी देते हुए तीन दिनों के भीतर इस मामले पर साक्ष्य सहित अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। इस घटना ने सरकारी स्कूल परिसरों के दुरुपयोग पर एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: सरकारी स्कूल में ‘डर्टी डांस’ मामला, पुलिस ने दर्ज की FIR, डीएम ने मांगी रिपोर्ट

Related Articles

AD
Back to top button