कानपुर देहात के युवा पहलवान प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में करेंगे दमखम का प्रदर्शन
जनपद कानपुर देहात से बालक वर्ग में सूरज कुमार और हिमांशु कुशवाहा तथा बालिका वर्ग में आयुषी वर्मा और शगुन तोमर प्रदेश स्तरीय मण्डल की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कानपुर देहात। प्रदेश के खेल निदेशालय उ०प्र०, लखनऊ के निर्देश पर आगामी 04 से 06 अक्टूबर, 2025 तक बालक वर्ग के लिए प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता आगरा में आयोजित की जा रही है। वहीं बालिका वर्ग की माध्यमिक स्कूल स्टेट कुश्ती टूर्नामेंट 06 से 08 अक्टूबर, 2025 तक गोरखपुर में आयोजित होगी।
इस प्रतियोगिता में जनपद कानपुर देहात से बालक वर्ग में सूरज कुमार और हिमांशु कुशवाहा तथा बालिका वर्ग में आयुषी वर्मा और शगुन तोमर प्रदेश स्तरीय मण्डल की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला क्रीडाधिकारी नीलम सिद्दीकी ने सभी चयनित खिलाड़ियों और कुश्ती प्रशिक्षक रंजय यादव को प्रदेश स्तर पर चयनित होने और जनपद का नाम रोशन करने पर बधाई दी। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए हौसला बढ़ाया।
प्रदेश स्तरीय इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर ये युवा खिलाड़ी अपनी कुश्ती के दम पर न केवल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे बल्कि कानपुर देहात के लिए गौरव का कारण भी बनेंगे। प्रतियोगिता से जुड़ी तैयारियों और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर जिला खेल विभाग की भी विशेष नजर है।
यह टूर्नामेंट कानपुर देहात के युवाओं को खेल के प्रति जागरूकता और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है, जो उन्हें उच्च स्तर पर पहचान दिलाने में मदद करेगा।
ये भी पढ़े- जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कल अकबरपुर तहसील में होगा संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन



