कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर अन्तरराष्ट्रीय पर्पल फेस्ट गोवा हेतु दिव्यांग कार अभियान यात्रा को रवाना किया

सुनील मंगल को शॉल पहनाकर सम्मानित, दिव्यांग कार अभियान यात्रा का शुभारम्भ

Story Highlights
  • दिव्यांगजन स्वावलंबन और आत्मविश्वास का प्रतीक बनी पर्पल फेस्ट गोवा 2025 यात्रा

कानपुर। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने आज सिविल लाइन स्थित कैंप कार्यालय से अन्तरराष्ट्रीय पर्पल फेस्ट गोआ 2025 हेतु दिव्यांग कार अभियान यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सुनील मंगल को शॉल पहनाकर सम्मानित किया और कहा कि “काम न करने वालों के लिए सैकड़ों बहाने होते हैं, लेकिन सुनील मंगल जी के पास कोई बहाना नहीं है। उन्होंने अपने जज़्बे और आत्मबल से यह साबित किया है कि इच्छाशक्ति के आगे कोई भी सीमा आड़े नहीं आती।”

उन्होंने कहा कि *“अंतरराष्ट्रीय पर्पल फेस्ट,* जो 9 अक्टूबर से गोवा में आयोजित हो रहा है, का उद्देश्य दिव्यांगजनों के लिए इन्क्लूजन (समावेश), एक्सेसिबिलिटी (सुगमता) और डिग्निटी (गरिमा) को पुनर्स्थापित करना है। यह कार्यक्रम इस बात का उत्सव है कि किस प्रकार दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा में समान रूप से शामिल हों, हर जगह उन्हें पहुंच की सुविधा मिले और पूरा सम्मान प्राप्त हो।”

जिलाधिकारी ने आगे कहा कि “सुनील मंगल कानपुर नगर के गौरव हैं। वे न केवल हमारे दिव्यांग मतदाता आइकॉन हैं, जिन्होंने अधिकतम लोगों को मतदाता जागरूकता अभियान से जोड़ा, बल्कि हमेशा अपने जज़्बे से समाज में ऊर्जा का संचार करते हैं। यह अभियान उनके नेतृत्व में अन्य दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा बनेगा। मैं उनकी इस यात्रा की सफलता की मंगलकामना करता हूँ।”

भारत सरकार की पहल पर गोवा में 9 से 12 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय पर्पल फेस्ट में लगभग 45 देशों से अपने-अपने क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त दिव्यांगजन भाग लेंगे। इस वर्ष तीसरे लगातार साल गोवा सरकार को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फेस्ट में 252 प्रकार के आयोजन होंगे जिनमें पर्पल फ़न, पर्पल स्पोर्ट्स, पर्पल कैलिडोस्कोप, पर्पल एक्सपीरियेंस ज़ोन, पर्पल थिंक टैंक, पर्पल कॉन्फ्रेंस एवं पर्पल एक्ज़ीविशन ज़ोन प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

कानपुर से शुरू हुई यह दिव्यांग कार यात्रा अभियान का नेतृत्व सुनील मंगल कर रहे हैं। उनके साथ दिव्यांगजन – राहुल सिंह (चंडीगढ़), वीर सिंह (चंडीगढ़), बलविंदर सिंह (ग्वालियर) एवं नरेन्द्र सिंह – अपनी-अपनी हाथों से चलने वाली (adapted) कारों से यात्रा पूरी करेंगे।

यह यात्रा कानपुर से रवाना होकर झांसी, शिवपुरी, कोटा, उज्जैन, इंदौर, खरगोन, नागपुर, मालेगांव, अहमदनगर, पुणे, सतारा, कोल्हापुर होते हुए 8 अक्टूबर को गोवा पहुंचेगी।

5 अक्टूबर को कोटा में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला तथा 7 अक्टूबर को नागपुर में केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी अभियान दल को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

सुनील मंगल, जो कानपुर निवासी एवं एक उत्साही दिव्यांग उद्यमी हैं, पिछले 33 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बीमा व्यवसाय से जुड़े हैं तथा अब तक 4000 से अधिक दिव्यांगजनों को व्यावसायिक कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे चुके हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश का पहला दिव्यांग कार लाइसेंस वर्ष 1999 में प्राप्त हुआ। अब तक 3,50,000 किलोमीटर से अधिक की ड्राइविंग कर चुके हैं और 2022 में लेह-लद्दाख की लंबी यात्रा भी सफलतापूर्वक पूरी कर चुके हैं।

पर्पल फेस्ट गोवा 2025 की यह यात्रा अभियान न केवल दिव्यांगजनों के स्वावलंबन और आत्मविश्वास का प्रतीक है बल्कि समाज को यह संदेश भी देती है कि दिव्यांगजन भी किसी से कम नहीं हैं।

aman yatra
Author: aman yatra


Discover more from अमन यात्रा

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Related Articles

AD
Back to top button

Discover more from अमन यात्रा

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading