कानपुर देहात में करंट लगने से महिला की मौत,परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस कार्यवाही में जुटी,बिजली के खुले तारों के संपर्क में आने से हुआ हादसा

कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।गजनेर थाना क्षेत्र के कठिका गांव में करंट की चपेट में आकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है।मृतका की पहचान पप्पू दिवाकर की 35 वर्षीय पत्नी कौशल्या देवी के रूप में हुई है।
मृतका के पति पप्पू दिवाकर ने बताया कि उनकी पत्नी कौशल्या देवी बुधवार सुबह करीब 7.30 बजे दैनिक कार्यों में लगी थीं तभी अचानक बिजली के खुले तारों के संपर्क में आकर वह करंट लगने से बुरी तरह झुलस गईं।परिजन आनन फानन में उपचार के लिए उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत कौशल्या को मृत घोषित कर दिया।मृतका कौशल्या की शादी 10 वर्ष पूर्व हुई थी।वह दोनों पैरों से दिव्यांग है तथा उसके एक आठ वर्षीय पुत्र है।
मृतका का मायका फतेहपुर के हुसैनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पडरी गांव में है।घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे।परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिक छानबीन में बिजली का करंट लगने से महिला की मौत की बात सामने आई है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़े- समयबद्धता एवं गुणवत्ता से हो याचिका समिति के प्रकरणों का निस्तारण: सभापति याचिका समिति



