कानपुर देहात में आर्थिक तंगी के चलते दंपति ने खाया जहर,पत्नी की मौत,पति गंभीर
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।मंगलपुर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में शनिवार रात आर्थिक तंगी के चलते दंपति ने जहरीला पदार्थ खा लिया।घटना में पत्नी की मौत हो गई जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है।जानकारी के मुताबिक खानपुर निवासी 35 वर्षीय महेंद्र ने गांव की ही 27 वर्षीय प्रीति से अंतरजातीय विवाह किया था।
कुछ माह पहले प्रीति छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी।वह चलने फिरने में असमर्थ हो गई थी।आर्थिक तंगी के चलते महेंद्र उनका समुचित इलाज नहीं करा पा रहा था।घटना की रात भोजन करने के बाद पति पत्नी अपने कमरे में सोने चले गए।महेंद्र के पिता सुरजन और मां कमलेश कुमारी घर केे बाहर लेटे हुए थे।सुबह जब उनका तीन वर्षीय बेटा शिव रोता हुआ बाहर आया तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।अंदर जाकर देखा तो प्रीति मृत अवस्था में मिली जबकि महेंद्र की सांसें चल रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही मंगलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की।फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कराए गए।पुलिस ने प्रीति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।महेंद्र को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।जहां पर उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।स्थित में सुधार न होने पर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बेहतर इलाज हेतु कानपुर हैलट रेफर कर दिया।फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।दंपति के दो बच्चे हैं।जिनमें पांच वर्षीय सुनील और तीन वर्षीय शिवा शामिल हैं।घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक छानबीन में आर्थिक तंगी घटना का कारण सामने आया है।मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की गहन जांच की जा रही है।अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।


