उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

ढाबा संचालकों को नोटिस, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कसा शिकंजा!

हाईवे को 'पार्किंग' समझने वालों की शामत: एसपी के निर्देश पर रात भर चला अभियान, 96 को नोटिस!

कानपुर देहात। कोहरे की धुंध का फायदा उठाने वाले वाहन चालकों और हाईवे पर अतिक्रमण कराने वाले ढाबा मालिकों की अब खैर नहीं। सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने बीती रात एक विशेष अभियान छेड़कर सड़क सुरक्षा के नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को कड़ा संदेश दिया है।

एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देश और एएसपी राजेश पाण्डेय की निगरानी में जिले भर के क्षेत्राधिकारियों ने सड़कों पर उतरकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। 20 और 21 नवंबर की दरम्यानी रात चले इस ऑपरेशन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मचा दिया।

बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर सीधी कार्रवाई पुलिस का यह ‘स्पेशल ड्राइव’ खास तौर पर उन वाहनों के खिलाफ था जो बिना नंबर प्लेट के यमदूत बनकर सड़कों पर दौड़ रहे थे। पुलिस का मानना है कि नंबर प्लेट न होने से चालक बेखौफ होकर गाड़ी चलाते हैं और हादसे के बाद आसानी से फरार हो जाते हैं, जिससे पीड़ितों को न्याय मिलना मुश्किल हो जाता है। इसी मनमानी को तोड़ने के लिए पुलिस ने त्रुटिपूर्ण और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की।

अवैध पार्किंग कराने वाले ढाबा मालिकों पर गिरी गाज सिर्फ वाहन चालक ही नहीं, बल्कि हाईवे को पार्किंग जोन बनाने वाले होटल और ढाबा संचालक भी पुलिस के रडार पर आ गए। पुलिस ने पाया कि कई ढाबों के बाहर ट्रक और भारी वाहन अवैध रूप से खड़े रहते हैं, जिससे कोहरे में भीषण हादसे होते हैं और जाम लगता है। ऐसे 96 होटल और ढाबा संचालकों को पुलिस ने बीएनएसएस (BNSS) की धारा-168 के तहत नोटिस थमा दिया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एक नजर में पुलिसिया कार्रवाई का रिपोर्ट कार्ड:

कुल चालान: 17 वाहनों का चालान काटा गया।

वाहन सीज: 02 गाड़ियां सीज की गईं।

ढाबा मालिकों को नोटिस: 96 नोटिस जारी।

पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से साफ है कि आने वाले दिनों में कोहरे के दौरान सुरक्षा को लेकर प्रशासन कोई ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।

Related Articles

AD
Back to top button