मिशन शक्ति 5.0: कानपुर देहात में महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर सघन जागरूकता अभियान
एसपी के निर्देशन में पुलिस ने विद्यालयों और बाजारों में फैलाई जागरूकता, हेल्पलाइन नंबरों और साइबर अपराध से बचाव के टिप्स दिए

कानपुर देहात। महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने तथा सुरक्षा के प्रति सशक्त बनाने के उद्देश्य से, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा आज “मिशन शक्ति 5.0” के तहत एक सघन जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के अंतर्गत जनपदीय थाना पुलिस ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा योजनाओं, कानूनी अधिकारों और अपराधों से बचाव के उपायों से विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कानूनी अधिकार और हेल्पलाइन की जानकारी
अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम और साइबर क्राइम से संबंधित आईटी एक्ट की जानकारी दी गई।
महिलाओं की त्वरित सहायता के लिए कई महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर्स की जानकारी भी साझा की गई, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) प्रमुख हैं।
साइबर सुरक्षा के टिप्स
वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए, महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने और सोशल मीडिया पर साइबर स्टॉकिंग, फिशिंग एवं फर्जी खातों से बचने के महत्वपूर्ण टिप्स भी साझा किए गए।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को अपराधों से बचाव के उपायों से अवगत कराकर उन्हें सशक्त बनाना है। पुलिस की इस पहल से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास का संदेश गया।



