कानपुर देहात में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या,नीम के पेड़ से लटका मिला शव
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के भिल्सी गांव में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में नीम के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
मृतक की पहचान घाटमपुर कानपुर नगर के कंठीपुर गांव निवासी छेदीलाल के 23 वर्षीय पुत्र अखिलेश के रूप में हुई है।घटना की सूचना भिल्सी गांव निवासी हरिप्रसाद ने पुलिस को दी।उन्होंने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने सुबह करीब 7 बजे उसके घर के पास नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भींड मौके पर जमा हो गई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जनार्दन प्रताप सिंह,चौकी प्रभारी पामा एस आई शोभित कटियार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कर सूचना परिजनों को भेजी।फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।
प्रभारी निरीक्षक जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



