कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: अटल स्मृति सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को मिला जीत का मंत्र

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला की मौजूदगी में गूँजा अटल जी का संकल्प: 'अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा'

कानपुर देहात। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर अकबरपुर रनिया विधानसभा क्षेत्र में अटल स्मृति सम्मेलन एवं एसआईआर कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक श्रीमती प्रतिभा शुक्ला के तत्वावधान में एक गेस्ट हाउस में संपन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री भाजपा श्री अनूप गुप्ता तथा महिला कल्याण निगम की दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री श्रीमती कमलावती सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा कानपुर देहात की जिलाध्यक्ष श्रीमती रेणुका सचान ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनूप गुप्ता, राज्यमंत्री कमलावती सिंह, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं जिलाध्यक्ष रेणुका सचान द्वारा श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी, पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमाओं पर पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेयी जी के कार्यकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने संवेदनशीलता, दूरदर्शिता और राष्ट्रभाव के साथ कार्य करते हुए सैनिकों, शहीदों एवं उनके परिवारों के सम्मान के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य किया।

राज्यमंत्री कमलावती सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन साधारण से असाधारण बनने की प्रेरणादायक गाथा है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने विचारों और मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। एक कुशल प्रशासक, प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि एवं दूरदर्शी राजनेता के रूप में उन्होंने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने राजनीति में शुचिता, सर्वसम्मति और संवाद की सशक्त परंपरा स्थापित की। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और पड़ोसी देशों के साथ संवाद की नीति उनके दूरदर्शी नेतृत्व के ऐतिहासिक उदाहरण हैं। उन्होंने एसआईआर कार्यशाला के अंतर्गत जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर भारी मतों से जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर गंभीरता से कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर ऐसे मतदाताओं की पहचान कर सूची तैयार की जाए, जो वर्तमान में वहां निवास नहीं करते, जिनका नाम अन्य स्थान पर दर्ज है अथवा जिनका निधन हो चुका है, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध हो सके। साथ ही जो लोग गणना फार्म नहीं भर पाए हैं, उनसे फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने का कार्य किया जाए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का यह कथन— “अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा”—आज साकार हो रहा है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं को बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। यही श्रद्धेय अटल जी के सपनों का साकार रूप है। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह चौहान, मदन पांडेय, अनिल शुक्ला वारसी, श्रीकांत पाठक, रामजी मिश्रा, रामजी गुप्ता, आशीष मिश्रा, सौरभ मिश्रा ,आरपी कुशवाहा, अनूप सिंह जादौन, सतीश शुक्ला, बाल जी शुक्ला, बउवा पांडेय, मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा, मंडल अध्यक्ष रविन्द्र अवस्थी, पवन राजपूत, शिवविलास मिश्रा, बउवा पांडेय, श्यामू शुक्ला, अंशु तिवारी ,धर्मेंद्र कुशवाहा, श्यामबिहारी पांडेय जी, नितिन कुशवाहा, गुड्डू मिश्रा, शिवा पांडेय, आशीष दीक्षित, अंकित परमार, सरमन तिवारी, ब्रजेन्द्र द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़े- केशव प्रसाद मौर्य का कानपुर देहात दौरा: लोकार्पण, शिलान्यास और प्रतिमा अनावरण के साथ होगा नए साल का आगाज

Related Articles

AD
Back to top button