कानपुर: सर्दी चरम पर ठिठुर रहे लोग लेकिन नगर निगम नहीं कर रहा अलाव के इंतजाम
अपने क्षेत्रवासियों के लिए कटियार मेडिकल स्टोर एवं लक्ष्मी ट्रेडर्स ने किए अलाव के इंतजाम

कानपुर देहात। नगर निगम की ओर से अभी तक अलाव नहीं लगवाए गए हैं। इसकी वजह से राहगीरों और बेसहारा लोगों को ठंड से ठिठुरना पड़ रहा है। वहीं नगर निगम का दावा है कि कई स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है, ऊपर से शीतलहर चलने के कारण लोगों की कपकपी छूट रही है लेकिन इसका अहसास नगर निगम को नहीं हो रहा है।
वार्ड 82 जरौली फेज 2 क्षेत्र में अलाव जलवाने की व्यवस्था ही नहीं की गई है। इसके अतिरिक्त इस क्षेत्र में रैन बसेरा की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। वहीं दूसरी ओर कई समाजसेवी लोग अपनी तरफ से अलाव जलवा रहे हैं। आनंद साउथ सिटी के सामने कटियार मेडिकल स्टोर, लक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी, बालाजी ट्रेडर्स, शक्ति ऑटो मोबाइल्स, रोहन और रंजीत फेब्रिकेशन, सोम टाइल्स के सौजन्य से कई दिनों से लगातार अलाव जलवाए जा रहे हैं हालांकि नगर निगम की ओर से इस क्षेत्र में एक भी अलाव नहीं जलवाया गया है। क्षेत्रवासी प्रहलाद कुमार का कहना है कि इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई अलाव की व्यवस्था नहीं की गई। अलाव की व्यवस्था की जाए जिससे गरीब बेसहारा लोगों को मदद मिले। विनय विश्वकर्मा का कहना है कि नगर निगम की ओर से अभी तक जरौली फेज टू में अलाव की व्यवस्था नहीं की गई जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी दिक्कत हो रही है।
सौरभ शर्मा का कहना है कि अलाव की व्यवस्था करना नगर निगम का काम है लेकिन जरौली क्षेत्र में इसके नाम पर एक लकड़ी तक नहीं जलती है। शीघ्र अलाव जलवाए जाए।
कटियार मेडिकल स्टोर के संचालक राजेश कटियार का कहना है कि नगर निगम द्वारा हमारे क्षेत्र में अलाव नहीं जलवाए जा रहे हैं आम जनमानस सर्दी से परेशान हैं। गरीब परिवारों के लोगों को सर्दी से बचाने के लिए लक्ष्मी ट्रेडर्स के प्रोपराइटर शिवम बाजपेई एवं बालाजी ट्रेडर्स के प्रोपराइटर जगजीवन यादव के सहयोग से हमने करीब 40 कुंटल लकड़ी की व्यवस्था की है प्रत्येक दिन मुख्य मार्ग पर अलाव जलवा रहे हैं जिससे क्षेत्रवासी एवं राहगीर ठंड से राहत पा सकें।
बता दें बसंत पेट्रोल पंप से कटियार मेडिकल स्टोर तक नगर निगम की ओर से कोई अलाव नहीं जलवाए जा रहे। सर्दी बहुत बढ़ गई है जिससे सबसे ज्यादा राहगीर और बेसहारा लोग परेशान हो रहे हैं। उनके लिए प्रशासन को शीघ्र अलाव जलवाना चाहिए। आज राम अवतार कटियार, जगजीवन यादव, शिवम बाजपेई, शोभित बाजपेई, योगेंद्र कुमार सचान, रमेश सिंह, मुन्नी लाल विश्वकर्मा, प्रहलाद कुमार, विनय विश्वकर्मा, हनीब, महेश, शीलू आदि क्षेत्रवासी अलाव तापते मिले साथ ही कई राहगीर थोड़ी थोड़ी देर अलाव तापकर अपने-अपने कार्यों के लिए जाते दिखे।



