विधायक पूनम संखवार ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की जयंती पर दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा के साथ ही विधायक ने सेवा कार्य को भी प्राथमिकता दी।
- विधायक पूनम संखवार ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की 94वीं जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की।
- कल्याण सिंह को राष्ट्रवाद और प्रदेश के विकास का प्रतीक बताया गया।
- ठंड से राहत के लिए 100 से अधिक जरूरतमंद बुजुर्गों को कंबल बांटे गए।
- कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
शिवली, कानपुर देहात: शिवली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भऊवा पुरवा में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूनम संखवार ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की 94वीं जयंती पर उन्हें नमन किया। विधायक ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
विधायक पूनम संखवार ने अपने संबोधन में कहा कि बाबू जी ने अपने नाम को उत्तर प्रदेश के कल्याण के साथ जोड़कर पूरी तरह सार्थक किया। उन्होंने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया और राष्ट्रवाद के प्रति उनकी अटूट निष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत है।
श्रद्धांजलि सभा के साथ ही विधायक ने सेवा कार्य को भी प्राथमिकता दी। कड़ाके की ठंड को देखते हुए उन्होंने क्षेत्र के करीब एक सैकड़ा से अधिक गरीब, असहाय और बुजुर्ग लोगों को कंबल वितरित किए। विधायक ने खुद अपने हाथों से बुजुर्गों को कंबल ओढ़ाए और उनका आशीर्वाद लिया।
इस कार्यक्रम के दौरान गुड्डू राजपूत, राजनारायण, चंद्रपाल राजपूत, छेदीलाल, मुन्नी लाल, अमलेस कुमार, चंदन सिंह गौर, संतोष प्रताप सिंह, अनिल पाल और किशन लाल राजपूत सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



