प्रोजेक्ट नई किरण: कानपुर देहात पुलिस ने बिखरे हुए चार परिवारों को फिर से जोड़ा
शेष मामलों के निस्तारण के लिए अगली तारीख तय की गई।
कानपुर देहात: महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति 5.0” के तहत कानपुर देहात पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में आज रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के माध्यम से टूटने की कगार पर खड़े परिवारों को बचाने का प्रयास किया गया। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य आपसी मतभेदों के कारण अलग हो रहे परिवारों को परामर्श के जरिए पुनर्मिलन कराना है।
38 मामलों की सुनवाई में चार जोड़ों ने थामे एक-दूसरे के हाथ
आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 38 पारिवारिक विवाद के मामले सामने आए। प्रोजेक्ट नई किरण के सदस्यों और पुलिस टीम ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग की और उन्हें साथ रहने के महत्व को समझाया। गहन चर्चा और समझाइश के बाद 04 परिवारों में आपसी सहमति बन गई और पति-पत्नी पुरानी कड़वाहट भुलाकर खुशी-खुशी साथ रहने को तैयार हो गए। जिन प्रार्थना पत्रों पर समझौता नहीं हो सका, उन्हें अगली सुनवाई के लिए भविष्य की तिथि दी गई है।
टीम वर्क से मिली परिवारों को नई दिशा
इस मानवीय पहल को सफल बनाने में महिला थानाध्यक्ष सुषमा और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। टीम में महिला हेड कांस्टेबल नीतू और महिला कांस्टेबल रीनू के साथ-साथ प्रोजेक्ट नई किरण के सम्मानित सदस्य डॉ. पूनम गुप्ता, कंचन मिश्रा और रामप्रकाश ने मध्यस्थ की भूमिका निभाते हुए परिवारों को एक सूत्र में बांधने का महत्वपूर्ण कार्य किया।



