कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़: औरैया के पिता-पुत्र गिरफ्तार, भारी मात्रा में तमंचे बरामद

भोगनीपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खंडहर में छापेमारी कर पकड़ी शस्त्र बनाने की यूनिट

सुशील त्रिवेदी, कानपुर देहात: जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार, 14 फरवरी 2026 को जनपद की भोगनीपुर थाना पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत छापेमारी कर अवैध शस्त्र निर्माण करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में बने और अधबने अवैध शस्त्र, कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण सहित अन्य सामान बरामद किया है।

खंडहरनुमा मकान में चल रहा था अवैध काम

जानकारी के अनुसार, थाना भोगनीपुर पुलिस टीम को चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि करियापुर गांव के पास कबूतरा डेरा के एक खाली पड़े खंडहरनुमा मकान में कुछ लोग अवैध तमंचों का निर्माण कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए मौके से दो अभियुक्तों को हिरासत में लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान 61 वर्षीय अयोध्या प्रसाद और उनके 38 वर्षीय पुत्र नमित के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनपद औरैया के थाना अजीतमल क्षेत्र के फिरोज नगर के निवासी हैं।

भारी मात्रा में शस्त्र और निर्माण सामग्री बरामद

पुलिस द्वारा की गई बरामदगी में 32 बोर की 05 अवैध पिस्टल मय मैगजीन, 32 बोर का 01 अवैध तमंचा, 315 बोर के 03 अवैध तमंचे और 12 बोर का 01 अर्धनिर्मित अवैध तमंचा शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने विभिन्न बोर के खोखा व जिंदा कारतूस, एक सफेद प्लास्टिक की बोरी में तमंचा बनाने के उपकरण, 02 मोबाइल, 1000 रुपये नकद और एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे एकांत जगह की तलाश कर अवैध शस्त्र बनाकर और बेचकर अपना गुजारा करते थे।

मुख्य आरोपी का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में पिता अयोध्या प्रसाद का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उनके विरुद्ध जनपद औरैया के थाना अजीतमल में वर्ष 2015 से लेकर 2017 के बीच हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में करीब सात मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ थाना भोगनीपुर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

ये भी पढ़े- बुद्ध कथा में पहुंचे सपा नेता नरेंद्र पाल सिंह मनु, बोले- बाबा साहब के संविधान को बचाने के लिए एकजुट हों लोग

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button