कानपुर देहात: सिकंदरा में शादी समारोह में किशोर की चाकू मारकर हत्या,आरोपी हिरासत में
इलाके में फैली सनसनी, परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर देहात के सिकंदरा कस्बे के विमला गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान मोबाइल फोन के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक किशोर ने दूसरे किशोर की धारदार चाकू मारकर हत्या कर दी।गंभीर रूप से घायल किशोर को उपचार के लिए सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य ले जाया गया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।मृतक की पहचान अमराहट थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी छविराम के 15 वर्षीय पुत्र सत्यम निषाद के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक अमराहट थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी स्वर्गीय राघवेंद्र की पुत्री ख़ुशबू का वैवाहिक समारोह का आयोजन सोमवार को सिकंदरा कस्बे के विमला गार्डन में किया गया था।इसी दौरान शादी समारोह में शामिल होने आए गांव के ही सत्यम निषाद और गौरव उर्फ चुलबुल संखवार के बीच मोबाइल फोन के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और गौरव उर्फ चुलबुल ने सत्यम पर धारदार चाकू से हमला कर दिया।हमले में सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद शादी समारोह स्थल पर अफरा तफरी मच गई।परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे लेकर सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।जहां चिकित्सकों ने सत्यम को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा व आसपास के थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य एकत्र किए।घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) प्रिया सिंह ने बताया: “आज थाना सिकंदरा क्षेत्रांतर्गत विमला रॉयल गार्डन मैरिज हॉल में एक शादी समारोह के दौरान ग्राम महेशपुर थाना अमराहट से आए दो किशोरों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक किशोर ने दूसरे किशोर को चाकू मार दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान सत्यम (15 वर्ष) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।”
थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिक छानबीन में मोबाइल फोन के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में हत्या की बात सामने आई है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



