कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

सीडीओ का छापा: कानपुर देहात के मलासा ब्लॉक में मिली भारी कमियां, 03 कर्मचारियों का वेतन रोका

ई-ऑफिस में लापरवाही पर बीडीओ को फटकार, सीडीओ ने दी कड़ी चेतावनी

Story Highlights
  • रजिस्टर अधूरे और कर्मचारी नदारद, मलासा विकासखंड कार्यालय में मचा हड़कंप

कानपुर देहात के विकासखंड मलासा कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल औचक निरीक्षण के लिए जा पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली में भारी अनियमितताएं और लापरवाही उजागर हुई। कई महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेख अधूरे पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की जमकर क्लास लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं में शामिल ई-ऑफिस और डिजिटल पोर्टल के संचालन में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गायब मिले कर्मचारी और अधूरे मिले पटल, सीडीओ ने थमाया नोटिस

निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में बोरिंग टेक्नीशियन शैलेंद्र कुमार, विजय कुमार और बीएमएम सुनीत कुमार बिना किसी पूर्व सूचना के कार्यालय से गायब मिले। इस अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने तीनों कर्मचारियों का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश दिए। इसके अलावा स्थापना पंजिका, वेतन बिल रजिस्टर और जीपीएफ बुक जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज अपडेट न होने पर उन्होंने संबंधित पटल सहायकों को कड़ी फटकार लगाई। सीडीओ ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में डिजिटल प्रविष्टियां समय पर पूरी नहीं मिलीं, तो सख्त विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

वित्तीय अनुशासन और जनसुविधाओं पर विशेष जोर

मुख्य विकास अधिकारी ने सहायक लेखाकार को निर्देश दिए कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में वित्तीय नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और आने वाले आम नागरिकों के लिए सुगम वातावरण बनाने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर होने वाली देरी के लिए संबंधित अधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी और डीसी मनरेगा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े-  कानपुर देहात: अस्पताल में गंदगी और रजिस्टर में खेल देख भड़के मुख्य विकास अधिकारी, अधीक्षक की क्लास लगा थमाया नोटिस

 

Related Articles

AD
Back to top button