कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

नारी शक्ति वंदन सम्मेलन: कानपुर में महिलाओं ने सुना पीएम का संबोधन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियां सम्मानित

विधायक नीलिमा कटियार और जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कानपुर नगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ की गूंज सोमवार को कानपुर में भी सुनाई दी। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जहां जनपद की सैकड़ों महिलाओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को नई धार दी। इस ऐतिहासिक अवसर पर जिले की उन महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मेहनत से नई पहचान बनाई है।

कार्यक्रम में विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सरोज कुरील और जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने शिरकत की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने टोल-फ्री नंबर 9667173333 पर मिस कॉल देकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति अपनी एकजुटता और समर्थन प्रदर्शित किया।

विधायक नीलिमा कटियार ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करेगा, जिससे देश की निर्णय प्रक्रिया में आधी आबादी की भूमिका और मजबूत होगी। वहीं विधायक सरोज कुरील ने जोर दिया कि शिक्षा और स्वावलंबन के माध्यम से आज की महिलाएं समाज के समग्र विकास का नेतृत्व कर रही हैं। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जनपद में महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी दी।


इन महिलाओं का बढ़ा मान

सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों वंदना सरिता, मालती देवी, गरिमा यादव, रेनू कुमारी और संगीता श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एनआरएलएम की रानी कमल, पूजा वर्मा और विभिन्न ग्राम पंचायतों से सुलेखन कुशवाहा, दीक्षा पटेल, पूनम निषाद समेत कई सक्रिय महिलाएं उपस्थित रहीं।

ये भी पढ़े-  कानपुर देहात में पड़ोसी की पराली से खेत में लगी आग

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button