रेल यात्रियों की बड़ी जीत: झांसी-लखनऊ इंटरसिटी और पैसेंजर अब 13 मई तक दौड़ेंगी, निरस्त होने का खतरा टला
रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य शेख मोहम्मद के प्रयासों से मिली सफलता।

पुखरायां: झांसी और लखनऊ के बीच सफर करने वाले हजारों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। गंगा पुल पर मरम्मत कार्य के चलते जिन ट्रेनों को 42 दिनों के लिए निरस्त (कैंसिल) किया जाना था, उनके संचालन की समय सीमा अब बढ़ा दी गई है। रेलवे द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, झांसी-लखनऊ इंटरसिटी और झांसी-लखनऊ पैसेंजर ट्रेनें अब 13 मई 2026 तक अपनी सेवाएं जारी रखेंगी।
इस सफलता के पीछे जनता की आवाज और रेलवे प्रशासन का तालमेल अहम रहा। राष्ट्रीय रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य शेख मोहम्मद ने यात्रियों की पीड़ा को देखते हुए डीआरएम झांसी अनिरुद्ध कुमार से इन ट्रेनों को चलाने की जोरदार पैरवी की थी। पहले इन ट्रेनों को केवल 13 अप्रैल तक चलाने की अनुमति मिली थी, जिसे अब एक महीने और यानी 13 मई तक के लिए विस्तारित कर दिया गया है।
इन स्टेशनों के बीच होगा ट्रेनों का संचालन
शेख मोहम्मद द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, डीआरएम झांसी के नए आदेश से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। अब गाड़ी संख्या 11109/11110 झांसी-लखनऊ इंटरसिटी 13 मई तक झांसी से गोविंदपुरी के बीच अपनी सेवाएं देगी। वहीं, झांसी-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन को फतेहपुर स्टेशन तक चलाने की अनुमति दी गई है। रेलवे के इस फैसले से व्यापारियों, छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों ने खुशी जाहिर की है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: अंबेडकर जयंती पर प्रशासन सख्त बिना अनुमति रैली पर रोक और वीडियोग्राफी अनिवार्य



