कानपुर देहात में कर्ज से परेशान किसान ने की आत्महत्या, परिजनों में मचा कोहराम
कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंता गांव में एक 40 वर्षीय किसान ने कर्ज से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।मृतक की पहचान अरविंद उर्फ झल्लू के रूप में हुई है

पुखरायां।कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंता गांव में एक 40 वर्षीय किसान ने कर्ज से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।मृतक की पहचान अरविंद उर्फ झल्लू के रूप में हुई है।उन्होंने सोमवार सुबह अपने घर से करीब एक किलोमीटर हाइटेंशन लाइन के लोहे के एंगल से अंगौछे के सहारे फांसी लगा ली।सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने शव फंदे पर लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी।सूचना मिलने पर पिता वंश नारायण,मां फूलन देवी और पत्नी सपना समेत परिजन मौके पर पहुंचे।परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही तिशती चौकी प्रभारी ब्रजेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी।तत्पश्चात पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।परिजनों के मुताबिक मृतक किसान पिछले दो वर्षों से लगातार फसल में घाटा खेल रहे थे।बीते वर्ष उन्हें आलू की फसल में करीब तीन लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ था।इस वर्ष भी आलू की उचित कीमत न मिलने के कारण उनका आर्थिक संकट और गहरा गया था।इसी के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।मृतक की पत्नी सपना ने बताया कि परिवार में एक बेटा और तीन बेटियां हैं।जिनकी अभी शादी नहीं हुई है।बड़ा बेटा ऋषि बाहर एक निजी कंपनी में काम करने को मजबूर है।परिवार के पास मात्र पांच विश्वा जमीन है और वे बटाई पर खेती करके किसी तरह गुजर बसर करते हैं।लगातार फसल खराब होने और बाजार में मंदी के कारण कर्ज चुकाना मुश्किल हो गया था,जिससे अरविंद मानसिक रूप से काफी परेशान रहते थे।कोतवाल शिवनारायन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की छानबीन की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



