कानपुर देहातफ्रेश न्यूजरोजगार

कानपुर देहात में शुरू हुआ ‘हनी मिशन’, मुफ्त मिलेंगे हनी बॉक्स और टूलकिट्स, ऐसे करें आवेदन

मधुमक्खी पालन और शहद उत्पादन में रुचि रखने वालों के लिए सुनहरा मौका, जिला खादी ग्रामोद्योग विभाग की ओर से 5 दिवसीय प्रशिक्षण के साथ मिलेंगे उपकरण।

कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में रोजगार के नए अवसर सृजित करने और शहद उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एक शानदार पहल की शुरुआत की गई है। जिलाधिकारी कपिल सिंह के कुशल निर्देशन में जनपद के ग्रामीण युवाओं और शहद उत्पादन में रुचि रखने वाले लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की तैयारी है। जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश अग्निहोत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड (ग्रामोद्योग अनुभाग) लखनऊ द्वारा उत्पाद विकास मानकीकरण एवं गुणवत्ता विनिश्चय योजना (हनी मिशन) के अंतर्गत लाभार्थियों का चयन किया जाना है। इस योजना के तहत चयनित लोगों को मुफ्त हनी बॉक्स और संबंधित टूलकिट्स का वितरण किया जाएगा।

विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद कानपुर देहात को कुल 20 व्यक्तियों का लक्ष्य आवंटित किया गया है, जो सामान्य और पिछड़ा वर्ग के लिए निर्धारित है। इस योजना का लाभ उठाने वाले शहद उत्पादन कार्य में रुचि रखने वाले और प्रशिक्षित व्यक्तियों को पहले 5 दिवसीय गुणवत्तापरक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद, प्रत्येक लाभार्थी को 5-5 हनी बॉक्स और उससे संबंधित आवश्यक टूल-किट्स पूरी तरह निशुल्क वितरित किए जाएंगे।

इस योजना का लाभ लेने के इच्छुक आवेदकों के लिए प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। आवेदन करने की प्रक्रिया बेहद सरल और डिजिटल रखी गई है। इच्छुक लाभार्थी ऑनलाइन वेबसाइट https://upkhaditoolkit.upsdc.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदकों को अपने आवेदन की हार्ड कॉपी और आवश्यक दस्तावेज कार्यालय दिवसों में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कार्यालय, बैंक ऑफ इंडिया, प्रथम तल, रनियां, कानपुर देहात में जमा करने होंगे। विभाग द्वारा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 11 जून 2026 निर्धारित की गई है।


ये भी पढे-  पुखरायां में ट्रक व डंपर की भिड़ंत में डंपर परिचालक घायल,भेजा गया जिला अस्पताल


Related Articles

AD
Back to top button