बड़ी खबर: यूपी सरकार में बढ़ा कैबिनेट मंत्री राकेश सचान का सियासी कद, रायबरेली और कन्नौज के बनाए गए प्रभारी मंत्री, समर्थकों में भारी उत्साह
उत्तर प्रदेश की सियासत से इस वक्त की बेहद बड़ी और धमाकेदार खबर सामने आ रही है। सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार में खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान का सियासी कद और अधिक मजबूत हो गया है

- शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार; कानपुर देहात से लेकर लखनऊ तक जश्न का माहौल, विकास पुरुष के नए दायित्व से क्षेत्रों में विकास को मिलेगी रफ्तार
पुखरायां (कानपुर देहात)। उत्तर प्रदेश की सियासत से इस वक्त की बेहद बड़ी और धमाकेदार खबर सामने आ रही है। सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार में खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान का सियासी कद और अधिक मजबूत हो गया है। सूबे के कद्दावर नेता और क्षेत्र में विकास पुरुष के नाम से विख्यात कैबिनेट मंत्री राकेश सचान को उत्तर प्रदेश शासन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व द्वारा बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए रायबरेली और कन्नोंज जनपद का नया प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है। इस हाई-प्रोफाइल तैनाती की खबर मिलते ही कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ सहित नव-नियुक्त प्रभार वाले जिलों में उनके समर्थकों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया से लेकर जमीन तक बधाई देने वालों का तांता लग गया है।
हाई-प्रोफाइल जनपदों की मिली कमान, बढ़ेगा सियासी रसूख
राजनीतिक पंडितों की मानें तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के केंद्रीय व राज्य शीर्ष नेतृत्व द्वारा राकेश सचान को रायबरेली और कन्नौज जैसे बेहद महत्वपूर्ण और राजनीतिक रूप से संवेदनशील जनपदों का प्रभार दिया जाना उनके प्रति गहरे भरोसे को दर्शाता है। कन्नौज जहां इत्र नगरी के रूप में मशहूर है और विकास की नई राहें देख रहा है, वहीं रायबरेली हमेशा से सूबे की राजनीति का केंद्र बिंदु रहा है। इन दोनों बड़े जनपदों में सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने, कानून व्यवस्था की समीक्षा करने और संगठन को नई ऊर्जा देने की पूरी कमान अब सीधे कैबिनेट मंत्री राकेश सचान के हाथों में होगी।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार, कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाइयां
इस बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए क्षेत्र की जनता, कलेक्ट्रेट और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित उनके करीबियों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी और संगठन के शीर्ष नेतृत्व का सहृदय धन्यवाद और आभार प्रकट किया है।
राकेश सचान के इस नए सफर और बड़ी कामयाबी पर उनकी धर्मपत्नी रेनूका सचान, पूनम दिवाकर, मुकुल पाण्डेय सहित भाजपा कानपुर देहात के तमाम दिग्गज नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री जी को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर और मुंह मीठा कराकर बधाई दी। समर्थकों का कहना है कि नेता जी की इस नई पारी से दोनों जनपदों में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिलेगी और विकास पुरुष के नेतृत्व में सरकार की कल्याणकारी योजनाएं हर गरीब और जरूरतमंद तक शत-प्रतिशत पहुंचेंगी।
क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखने का संकल्प
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान के करीबियों और स्थानीय जनता का मानना है कि जिस प्रकार उन्होंने अपने गृह क्षेत्र और वर्तमान प्रभार वाले इलाकों में विकास की गंगा बहाई है, ठीक उसी तरह अब रायबरेली और कन्नौज की जनता को भी उनके लंबे राजनैतिक अनुभव और कुशल कार्यशैली का सीधा लाभ मिलेगा। शासन स्तर से इस तैनाती के आधिकारिक निर्देश जारी होने के बाद अब जल्द ही प्रभारी मंत्री के रूप में राकेश सचान दोनों जनपदों का दौरा कर विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठकों की शुरुआत करेंगे।



