कानपुर देहात- जिले को पोलियो मुक्त बनाने का संकल्प: जिलाधिकारी ने नवजात को दवा पिलाकर किया पल्स पोलियो अभियान का आगाज
जिला महिला चिकित्सालय अकबरपुर में डीएम कपिल सिंह ने फीता काटकर किया शुभारंभ, बोले- 5 साल तक के हर बच्चे को खुराक मिलना जरूरी।

कानपुर देहात। नौनिहालों के सुरक्षित और सेहतमंद भविष्य के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार को जिला महिला चिकित्सालय अकबरपुर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉक्टर जय गोविंद और मुख्य चिकित्साधीक्षक (सीएमएस) डॉ वंदना सिंह की मौजूदगी में फीता काटकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान जिलाधिकारी ने ‘बेबी ऑफ सबीना’ को पोलियो ड्रॉप की दो बूंद पिलाकर समाज को इस मुहिम से जुड़ने का संदेश दिया।
अस्पताल परिसर में मौजूद माताओं और परिजनों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो एक बेहद गंभीर और संक्रामक बीमारी है, जो बच्चों को ताउम्र के लिए अपाहिज बना सकती है। इससे बचाव का एकमात्र जरिया समय पर दवा पिलाना ही है। उन्होंने सभी अभिभावकों से पुरजोर अपील की कि वे अपने जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो के हर चरण में दवा की खुराक जरूर दिलाएं। जिलाधिकारी ने सीएमओ को कड़े निर्देश दिए कि जिले का कोई भी बच्चा इस जीवन रक्षक दवा से छूटने न पाए और स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर शत-प्रतिशत बच्चों को दवा पिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित टीकाकरण के महत्व पर भी जोर दिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर जय गोविंद ने बताया कि पूरे जनपद में इस अभियान को सफल बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पोलियों बूथों के साथ-साथ मोबाइल और ट्रांजिट टीमें भी मुस्तैदी से काम करेंगी। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधीक्षक महिला चिकित्सालय डॉ वंदना सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एस एल वर्मा, एमओआईसी डॉ खान सहित भारी संख्या में चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।



