कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: रसूलाबाद में सर्पदंश से किशोर की मौत, परिजनों ने पोस्टमार्टम और सरकारी सहायता राशि लेने से किया इनकार

कसमणा गांव में सोते समय जहरीले सांप ने डसा, अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में सर्पदंश से एक किशोर की असमय मौत होने का दुखद मामला सामने आया है। कसमणा गांव में अपने घर के भीतर सो रहे 15 वर्षीय किशोर को एक जहरीले सर्प ने डस लिया, जिससे उसकी जान चली गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से पूरी तरह इनकार कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कसमणा गांव के रहने वाले अब्दुल हमीद का 15 वर्षीय पुत्र बॉबी रविवार की रात अपने घर में आराम से सो रहा था। सोमवार की भोर करीब तीन बजे एक बेहद जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटते ही किशोर की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। बदहवास परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां तैनात चिकित्सक ने स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि किशोर को जब अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने लिखित रूप में सहायता राशि लेने से किया मना

चिकित्सकों ने नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन परिजनों ने इससे साफ मना कर दिया और शव को अपने साथ घर ले आए। घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार के निर्देशानुसार क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहनता से जांच की। लेखपाल ने बताया कि मृतक के परिजनों ने एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया है, जिसमें उन्होंने अपनी मर्जी से पोस्टमार्टम न कराने की बात कही है। इसके साथ ही, परिजनों ने सर्पदंश की घटनाओं में शासन की तरफ से मिलने वाली सरकारी आर्थिक सहायता राशि को भी लेने से लिखित रूप से इनकार कर दिया है।

प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अपनी कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। वहीं, इस दुखद घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बरसात के इस मौसम में सर्पदंश की घटनाएं काफी बढ़ जाती हैं, इसलिए सभी लोग अपने घरों के आसपास सफाई रखें और सोते समय सतर्कता बरतें।


ये भी पढे-  भोगनीपुर: कागजों में हेरफेर करने वाले सुधर जाएं! सीडीओ ने साफ कहा- बिना मौके पर गए फाइल निपटाने वालों पर होगा सीधा एक्शन!


Related Articles

AD
Back to top button