ग्लोबल डिजिटल क्रांति का नेतृत्व करेगा भारत, ब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे ज्योतिरादित्य सिंधिया
डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, साइबर सुरक्षा और उभरती तकनीकों पर सदस्य देशों के बीच बनेगा साझा रोडमैप

नई दिल्ली: भारत अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत 21 अगस्त 2026 को ब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक की मेजबानी करने जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया करेंगे। बैठक में सदस्य देशों के संचार मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी), डिजिटल नवाचार और सुरक्षित डिजिटल अवसंरचना के विस्तार पर विचार-विमर्श करेंगे।
यह बैठक भारत की अध्यक्षता के मुख्य विषय सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और निरंतरता के तहत आयोजित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य सदस्य राष्ट्रों के बीच तकनीकी साझेदारी को गहरा करना और समावेशी डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना है। चर्चा के केंद्र में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, उभरती प्रौद्योगिकियां, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, भविष्य के नेटवर्क और साइबर सुरक्षा जैसे विषय रहेंगे, जिससे विकासशील देशों (ग्लोबल साउथ) को सशक्त बनाया जा सके।
बैठक के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री डिजिटल ब्रिक्स फोरम एक्सपो का भी दौरा करेंगे, जहां भारत की तकनीकी क्षमताओं और आधुनिक डिजिटल समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा। सम्मेलन के समापन पर वे मीडिया ब्रीफिंग के माध्यम से बैठक के प्रमुख निर्णयों और समझौतों की जानकारी साझा करेंगे।
ये भी पढे- आरएसएस 1.5 अरब लोगों पर अपनी सोच नहीं थोप सकता, राहुल गांधी का बड़ा वैचारिक हमला



