गजनेर में व्यापारी की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, जिठरौली तिराहे पर शव रखकर लगाया जाम
हत्या का आरोप लगाकर पुलिसिया कार्रवाई की मांग, रायपुर रोड पर यातायात पूरी तरह रहा बाधित

सरवनखेडा (कानपुर देहात)। गजनेर थाना क्षेत्र के डूडादेव गांव निवासी 24 वर्षीय रेडीमेड कपड़ा कारोबारी अमन सिंह भदौरिया की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद बुधवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गजनेर-रायपुर मार्ग स्थित जिठरौली चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री को मौके पर बुलाने के साथ ही अकबरपुर सीओ, गजनेर थाना प्रभारी और पामा चौकी प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
घटना के बाद मचा हड़कंप
मंगलवार शाम अमन दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। उसके साथ उसके मामा के पुत्र और भतीजा भी चल रहे थे। निनायां मोड़ के पास अमन ने फोन आने पर बाइक रोक दी। साथ चल रहे लोग यह समझकर आगे निकल गए कि वह पीछे से आ जाएगा। काफी देर तक उसके नहीं पहुंचने पर फोन किया गया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
गंभीर हालत में सड़क किनारे मिला युवक
परिजनों ने तलाश शुरू की तो अमन निनायां और टड़वारा गांव के बीच गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल अकबरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर गजनेर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि चार सितंबर को सरवनखेड़ा में हुए विवाद को लेकर अमन की हत्या की गई है। इसी आरोप को लेकर परिजन पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठा रहे हैं। मृतक के पिता त्रिपुरा पुलिस में तैनात बताए गए हैं।
सुबह आठ बजे से सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
बुधवार सुबह करीब आठ बजे परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने जिठरौली चौराहे पर टेंट लगाकर शव सड़क पर रख दिया और मार्ग अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को मौके पर बुलाने तथा अकबरपुर सीओ संजय सिंह, गजनेर थाना प्रभारी सनत कुमार और पामा चौकी प्रभारी मोहनवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को देखते हुए एडीएम अकबरपुर, एसडीएम, अपर पुलिस अधीक्षक और अकबरपुर सीओ सहित भोगनीपुर, रनियां, मूसानगर, मंगलपुर थाना प्रभारी और गजनेर थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। गजनेर मुख्य चौराहे और सरवनखेड़ा में भी बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया गया।
नेताओं ने भी पहुंचकर समझाने का किया प्रयास
मौके पर एमएलसी अविनाश सिंह चौहान, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान और समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरसेन यादव भी पहुंचे। नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करने की बात
पुलिस अधिकारियों की ओर से हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही गई, लेकिन परिजनों की ओर से तहरीर न दिए जाने के कारण समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था। परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भी नहीं उठने दे रहे थे।
समाचार लिखे जाने तक जाम जारी
सुबह आठ बजे से गजनेर-रायपुर मार्ग पर लगा जाम समाचार लिखे जाने तक समाप्त नहीं हुआ था। प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों व ग्रामीणों से वार्ता कर रहे थे। हालांकि मौके पर भारी भीड़ के बावजूद किसी बड़े उपद्रव की सूचना नहीं थी।



