कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कानपुर देहात में प्रशासनिक सरगर्मियां तेज, बेसिक शिक्षा विभाग से दो दिनों में मांगा गया कर्मचारियों का पूरा ब्योरा

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां कानपुर देहात में तेज हो गई हैं। बीएसए ने चुनाव ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का पूरा ब्योरा दो दिन के भीतर मांगा है।

राजेश कटियार, कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की प्रारंभिक तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर तेजी से शुरू हो गई हैं। जिसके तहत जिला निर्वाचन अधिकारी कानपुर देहात के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने भी अपनी कमर कस ली है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय द्वारा 28 सितंबर 2026 को जारी एक अत्यंत महत्वपूर्ण आदेश के अनुसार जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने अधीन कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का पूरा विवरण तत्काल प्रभाव से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की देनी होगी जानकारी
इस आदेश में विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि 31 मई 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति तिथि का उल्लेख अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि चुनाव ड्यूटी के दौरान जनशक्ति के प्रबंधन में कोई बाधा न आए। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को यह डेटा एक निर्धारित प्रारूप में देना होगा, जिसमें कर्मचारी का नाम, पद नाम, मोबाइल नंबर, ग्रेड पे और आयु जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं।
दो दिन का अल्टीमेटम, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
पत्र में दो दिनों के भीतर सीधे जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को यह विवरण उपलब्ध कराने की सख्त मोहलत दी गई है। साथ ही इस सूचना की एक हार्ड कॉपी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भी भेजी जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया को बेहद संवेदनशील मानते हुए बीएसए ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि चूंकि यह मामला सीधे आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़ा है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय एवं प्रशासनिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

 

Related Articles

AD
Back to top button