सरवनखेड़ा में सजेगा ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य मंच, 21 शिक्षकों की टीम संभालेगी मैदान की कमान
23 अक्टूबर को भागीरथपुर स्टेडियम में जुटेंगे नौनिहाल, बीईओ अजीत प्रताप सिंह ने लापरवाही पर दी कार्रवाई की चेतावनी

राजेश कटियार,कानपुर देहात। जनपद के सरवनखेड़ा ब्लॉक में खेल प्रतिभाओं को निखारने और ग्रामीण अंचल के बच्चों को एक बड़ा मंच प्रदान करने के लिए शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। खंड शिक्षा अधिकारी सरवनखेड़ा अजीत प्रताप सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार आगामी 23 अक्टूबर 2026 को क्षेत्र के प्रतिष्ठित भागीरथपुर स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
इस विशाल खेल महाकुंभ को पूरी तरह से निष्पक्ष, सुव्यवस्थित और कुशलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। खंड शिक्षा अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता के सफल संचालन, मैदान की आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने और विभिन्न खेल विधाओं में छात्र-छात्राओं की सुरक्षित भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र के 21 अनुभवी शिक्षकों, अनुदेशकों और खेल प्रभारियों की एक विशेष समिति गठित कर उनकी तैनातियां सुनिश्चित की हैं।
इस महत्वपूर्ण खेल आयोजन को सफल बनाने के लिए ब्लॉक व्यायाम प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में पूरी टीम को मैदान पर उतारा गया है। जारी की गई सूची के अनुसार कंपोजिट विद्यालय सरवनखेड़ा से ऋषभ बाजपेई व हाकिम सिंह, कंपोजिट विद्यालय बिल्टी से पीयूष मिश्रा व लोकेन्द्र सिंह, कंपोजिट विद्यालय जिठरौली से मोहित कुमार और ज्ञानेन्द्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इनके साथ ही उच्च प्राथमिक विद्यालय मँगटा से प्रबल कुमार, कंपोजिट विद्यालय मनेथू से अजीत कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय भरतपुर से मुकेश कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर रोशनाई से नवनीत सचान और उच्च प्राथमिक विद्यालय जरैला से अमित कुमार वर्मा व्यवस्थाएं संभालेंगे। वहीं पीएम श्री विद्यालय भदेसा से कमल कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय करसा से अवधेश कुमार, कंपोजिट विद्यालय जलालपुर नागिन से श्यामसुन्दर राजपूत, कंपोजिट विद्यालय गोगुमऊ से अजय कुमार, कंपोजिट विद्यालय रायपुर से प्रीती संखवार, उच्च प्राथमिक विद्यालय गजनेर से स्वाति तिवारी, उच्च प्राथमिक विद्यालय बिलई से उत्तम प्रकाश श्रीवास्तव, उच्च प्राथमिक विद्यालय तरौंदा से राधेश्याम तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय कटका से अनमोल नारायण को इस खेल आयोजन समिति का हिस्सा बनाया गया है।
प्रतियोगिता के भव्य आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रहे इसके लिए विभाग ने समय प्रबंधन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। आदेश के मुताबिक खेल भावना को अक्षुण्ण बनाए रखने और स्टेडियम की सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए खेल समिति में नामित सभी शिक्षकों व प्रभारियों को 22 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे ही भागीरथपुर स्टेडियम के प्रांगण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
यह पूरी टीम गुरुवार को दिनभर ब्लॉक व्यायाम प्रभारी से निरंतर समन्वय स्थापित कर खेल ट्रैक, सिटिंग अरेंजमेंट और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में मुस्तैदी से जुटेगी। मुख्य खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ 23 अक्टूबर 2026 को ठीक सुबह 8 बजे से किया जाएगा जिसमें ब्लॉक के दर्जनों परिषदीय विद्यालयों के नौनिहाल और युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने इस प्रतियोगिता को लेकर ब्लॉक के सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को परिपत्र जारी करते हुए निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं और संबंधित खेल स्टाफ को नियत समय पर स्टेडियम भेजना सुनिश्चित करें। विभाग ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि बच्चों को समय से न भेजने या किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने पर इसे गंभीरता से लिया जाएगा।
यदि खेल समिति का कोई भी नामित सदस्य बिना किसी पूर्व सूचना या ठोस चिकित्सकीय कारण के अनुपस्थित पाया जाता है तो ऐसी स्थिति में संबंधित स्टाफ के साथ-साथ उनके विद्यालय के प्रधानाध्यापक की भी सीधी जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी फिलहाल इस खेल महाकुंभ को लेकर क्षेत्र के नन्हे खिलाड़ियों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह और उत्सुकता का माहौल देखा जा रहा है।



