कानपुर देहात: मूसानगर में मामूली विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या,तीन आरोपी गिरफ्तार
हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल चाकू बरामद, पुलिस कार्यवाही में जुटी

ब्रजेन्द्र तिवारी,मूसानगर: कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र के बाजपेई का पुरवा गांव में बीती गुरुवार की रात मामूली विवाद में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।मृतक की पहचान रामगणेश शाहू के रूप में हुई है।विवाद के बाद गांव के ही सत्यम कश्यप ने राम गणेश पर चाकू से वार कर दिया।गंभीर हालत में रामगणेश को जिला अस्पताल अकबरपुर ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के मुताबिक यह घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे हुई।रामगणेश शाहू का सत्यम कश्यप से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।विवाद बढ़ने पर सत्यम ने रामगणेश पर चाकू से हमला कर दिया।घटना की सूचना 112 पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही मूसानगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।मृतक की पत्नी रचना की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जिसके बाद घटना में नामजद आरोपी सत्यम कश्यप,राघवेंद्र और राधा कश्पय को गिरफ्तार कर लिया गया।थाना प्रभारी अमिता वर्मा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।आरोपियों की निशानदेही पर हत्या की घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।



