सीडीओ विधान जायसवाल का स्कूलों में औचक निरीक्षण: छात्रों में ज्ञान का अभाव मिलने पर लगाई फटकार, प्रधानाध्यापक की जवाबदेही तय
अकबरपुर माती के संविलियन व अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय पहुंचे सीडीओ, बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए सुधार के कड़े निर्देश
कानपुर देहात। परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, ऑपरेशन कायाकल्प के विकास कार्यों और शासन की प्राथमिकताओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विधान जायसवाल ने सख्त रुख अपनाया है। cdo vidhan jaiswal inspected schools kanpur dehat के तहत सीडीओ ने विकासखंड अकबरपुर माती के संविलियन विद्यालय और निर्माणाधीन अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षाओं में छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक स्तर में कमी मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए पठन-पाठन व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
कक्षाओं में छात्रों से किया संवाद, लर्निंग आउटकम पर जोर
निरीक्षण के दौरान सीडीओ विधान जायसवाल सीधे कक्षाओं में पहुंचे और बच्चों से संवाद स्थापित कर उनके सीखने के स्तर को परखा। सवालों के जवाब में छात्रों में बुनियादी ज्ञान का अभाव मिलने पर उन्होंने संबंधित अध्यापकों को कड़ी फटकार लगाई। मौके पर उपस्थित प्रधानाध्यापक मीना कुमारी व अन्य शिक्षकों को निर्देशित करते हुए सीडीओ ने कहा कि शिक्षण विधियों को प्रभावी बनाकर ‘लर्निंग आउटकम’ पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण में मौजूद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडेय को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे शैक्षणिक गुणवत्ता की नियमित समीक्षा कर इसे हर हाल में दुरुस्त कराएं।
छात्र उपस्थिति पर प्रधानाध्यापक की तय होगी सीधी जवाबदेही
मुख्य विकास अधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत सिर्फ नामांकन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों की शत-प्रतिशत नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना प्रधानाध्यापक की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि जो बच्चे लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं, शिक्षक स्वयं उनके घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करें और उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक करें। यदि किसी विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति का स्तर असंतोषजनक पाया गया, तो इसके लिए प्रधानाध्यापक और संबंधित नोडल शिक्षक की सीधी जवाबदेही तय करते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने मिड-डे मील में पोषण और स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा।
अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्यों की जांची गुणवत्ता
संविलियन विद्यालय के बाद सीडीओ ने निर्माणाधीन अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय माती का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों और अभियंताओं को तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्युदय विद्यालय प्रदेश सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसका उद्देश्य परिषदीय बच्चों को कॉन्वेंट स्तर की सुविधाएं जैसे स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, आधुनिक लाइब्रेरी और खेल मैदान उपलब्ध कराना है। अतः निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं होगा। निरीक्षण के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडेय, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार अशोक कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढे- कानपुर देहात: मूसानगर में मामूली विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या,तीन आरोपी गिरफ्तार



