कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात: दामाद की हत्या के आरोप में ससुर और पत्नी गिरफ्तार, सिर पर सिलबट्टा मारकर ली थी जान
हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल (सिल और सिलबट्टा) बरामद, तीसरी आरोपी सास की तलाश जारी।

कानपुर देहात : अकबरपुर थाना क्षेत्र के कमीर गांव में दामाद की गैर-इरादतन हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ससुर और मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खेत की पराली में छिपाकर रखा गया हत्या में प्रयुक्त ‘सिल’ और ‘सिलबट्टा’ भी बरामद कर लिया है।
यह था पूरा मामला
शिवली निवासी मनोज कश्यप ने 9 नवंबर को अकबरपुर थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया था कि 8 नवंबर को कमीर गांव स्थित ससुराल में उनके भाई अजय कश्यप उर्फ रिंकू के साथ ससुरालियों ने गाली-गलौज और मारपीट की थी। मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए थे, जिसके बाद चोटों के कारण अजय की मृत्यु हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुर शिवनारायण, सास मीना और पत्नी सुनीता के खिलाफ बीएनएस की धारा 105/352 के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
अकबरपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर 10 नवंबर की शाम करीब 4:48 बजे मंसुरा मटियामऊ रोड पर मंसुरा पुलिया के पास से वांछित शिवनारायण (65) और उसकी बेटी सुनीता (33) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूली वारदात की पूरी कहानी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में शिवनारायण ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान अजय ने उसे नीचे गिराकर दबा लिया था। खुद को बचाने के लिए शिवनारायण ने अजय के मुंह पर ईंट मार दी। पिता को नीचे दबा देख बेटी सुनीता घबरा गई और उसने सोचा कि उसका पति उसके पिता को मार देगा। इसी हड़बड़ाहट में सुनीता ने पास रखा सिलबट्टा उठाया और अजय के सिर पर मार दिया।
आरोपियों ने बताया कि सिर पर चोट लगने से अजय बेहोश हो गया। उन्हें लगा कि वह थोड़ी देर में होश में आ जाएगा, इसलिए वे उसे वहीं छोड़कर सो गए। लेकिन सुबह जब देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। डर के कारण आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल सिलबट्टे को पास ही खेत में पड़ी पराली के नीचे छिपा दिया था।
तीसरी आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने गिरफ्तार बाप-बेटी की निशानदेही पर आलाकत्ल बरामद कर लिया है। दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं, इस मामले में फरार चल रही तीसरी नामजद आरोपी मीना (शिवनारायण की पत्नी) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
इस सफल खुलासे में अकबरपुर थाने के उप-निरीक्षक जयप्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल सुभाषचन्द्र और महिला कांस्टेबल सलोनी की अहम भूमिका रही।



