कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: सोशल मीडिया पर ‘चोर’ और ‘चरित्रहीन’ बताने का खौफनाक इंतकाम, रसूलाबाद पुलिस ने मयंक के 2 हत्यारोपियों को किया गिरफ्तार

5 नवंबर को भीतरगांव-करौम रोड के नाले में मिला था 20 वर्षीय मयंक तिवारी का शव

कानपुर देहात : जनपद के रसूलाबाद थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय मयंक तिवारी की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। सोशल मीडिया पर खुद को ‘चोर’ और ‘चरित्रहीन’ बताए जाने से आहत होकर एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर मयंक को मौत के घाट उतार दिया था। रसूलाबाद पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में नामजद दोनों आरोपियों को बुधवार (11 नवंबर) को गिरफ्तार कर लिया है।
5 नवंबर को नाले में मिला था शव
जानकारी के अनुसार, रसूलाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम भीतरगांव निवासी रामबाबू तिवारी ने 5 नवंबर 2026 को अपने बेटे मयंक तिवारी उर्फ वंशी (20 वर्ष) की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसी दिन शाम करीब 4 बजे भीतरगांव से करौम जाने वाली सड़क के किनारे एक नाले में मयंक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा और हुई गिरफ्तारी
गहन जांच के बाद मृतक के पिता रामबाबू तिवारी ने बुधवार (11 नवंबर) को गांव के ही अंश उर्फ बड़े द्विवेदी (पुत्र श्याम सुन्दर) और जितेन्द्र उर्फ हग्गा (पुत्र गिरीश वाल्मीकि) के खिलाफ हत्या की नामजद तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा (अपराध संख्या 438/2026) दर्ज किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए रसूलाबाद पुलिस ने नामजद दोनों आरोपियों (18 वर्षीय अंश और 20 वर्षीय जितेन्द्र) को भीतरगांव-करौम रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुला चौंकाने वाला राज
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो हत्यारोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। आरोपी अंश द्विवेदी ने बताया कि मृतक मयंक तिवारी ने कुछ समय पहले उसका (अंश का) एक फोटो वीडियो में लगाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। इस पोस्ट में मयंक ने उसे चोर और चरित्रहीन बताया था। सोशल मीडिया पर हुई इस सार्वजनिक बेइज्जती से अंश बुरी तरह आहत था और इसी का बदला लेने के लिए उसने अपने साथी जितेन्द्र के साथ मिलकर मयंक की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है, जहां से उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम: इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में रसूलाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक शिवनरायन सिंह, उप-निरीक्षक केशव देव, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह, कांस्टेबल दुष्यन्त और सोनू यादव शामिल रहे।

Related Articles

AD
Back to top button