जनगणना 2027 का बिगुल बजा: 16 नवंबर से घर बैठे मोबाइल से दर्ज करें अपने परिवार का ब्योरा, डीएम कपिल सिंह ने की खास अपील
1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर दस्तक देंगे प्रगणक, स्व-गणना के बाद SE ID संभालकर रखना जरूरी, कोई परिवार न छूटे
कानपुर देहात। देश के भविष्य और विकास योजनाओं की रूपरेखा तय करने वाले महाअभियान यानी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां जनपद में तेज हो गई हैं। kanpur dehat census 2027 के तहत जिलाधिकारी कपिल सिंह ने गुरुवार 12 नवंबर 2026 को जनपद के सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय और जिम्मेदार सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सिर गिनने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इन्हीं आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल और जनकल्याणकारी योजनाओं का बजट व क्रियान्वयन तय होता है। इसलिए हर निवासी और हर परिवार का इसमें शामिल होना बेहद महत्वपूर्ण है।
16 से 30 नवंबर तक घर बैठे करें स्व-गणना (Self Enumeration)
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य मई-जून 2026 में पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में जनसंख्या गणना होने जा रही है। इसके अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आम नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की विशेष सुविधा दी जा रही है।
नागरिक घर बैठे आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। डीएम ने अपील की है कि स्व-गणना पूरी करने के बाद जनरेट होने वाली पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रख लें। जब प्रगणक आपके घर आएं, तो उन्हें यह आईडी दिखाकर आसानी से सत्यापन पूरा करा लें।
1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक सरकारी प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। जिन परिवारों द्वारा ऑनलाइन स्व-गणना नहीं हो पाएगी, वे घर आने वाले प्रगणकों को परिवार के सभी सदस्यों की सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें।
किरायेदार, प्रवासी श्रमिक और अकेले रहने वाले लोग न छूटें
डीएम कपिल सिंह ने स्पष्ट कहा कि जनगणना का उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब कोई भी बस्ती, परिवार या व्यक्ति छूटने न पाए। उन्होंने विशेष रूप से किरायेदारों, प्रवासी श्रमिकों, दूरस्थ मजरे-बस्तियों में रहने वाले लोगों, वरिष्ठ नागरिकों और अकेले निवास करने वाले व्यक्तियों तक जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया है।
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों, निकाय जनप्रतिनिधियों, आवासीय कल्याण संघों, सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों से आह्वान किया है कि वे सोशल मीडिया और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को स्व-गणना के लिए जागरूक करें। kanpur dehat census 2027 की सफलता से ही जनपद के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।



