कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात में नया जिला पंचायत राज अधिकारी नियुक्त, विकास पटेल का आगरा तबादला, आलोक कुमार प्रियदर्शी संभालेंगे कमान
पंचायती राज विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कानपुर देहात और कुशीनगर के DPRO बदले गए।

- कानपुर देहात के निवर्तमान DPRO विकास पटेल का आगरा तबादला।
- कुशीनगर से आलोक कुमार प्रियदर्शी को कानपुर देहात का नया जिला पंचायत राज अधिकारी बनाया गया।
कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश शासन के पंचायती राज विभाग ने सोमवार को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई जिला पंचायत राज अधिकारियों (DPRO) के तबादले किए हैं। विशेष सचिव राजेश कुमार त्यागी द्वारा जारी दो अलग-अलग कार्यालय ज्ञापनों के अनुसार, कानपुर देहात जिले में भी बड़ा बदलाव किया गया है।
शासन ने तात्कालिक प्रभाव से जनहित में कानपुर देहात के निवर्तमान जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल का स्थानांतरण आगरा कर दिया है। उन्हें आगरा जनपद में इसी पद पर नवीन तैनाती दी गई है।
विकास पटेल के स्थान पर, कुशीनगर जनपद में तैनात जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार प्रियदर्शी को कानपुर देहात की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन द्वारा जारी आदेश में दोनों अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर पहुंचकर अपनी योगदान आख्या प्रस्तुत करें।
इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल की सूचना पंचायती राज निदेशक (उत्तर प्रदेश), संबंधित जिलाधिकारियों, उपनिदेशकों (पंचायत), और कोषाधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दी गई है।



